आरआई परीक्षा का पर्चा बेचते भाजयुमो नेता गिरफ्तार
रायपुर | राजस्व निरीक्षक परीक्षा(आरआई)का पर्चा देने का झांसा देकर पांच लाख की ठगी करने वाले भाजयुमो के नेता अंबेडकर टंडन और उसके साथी संतोष साहनी को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने राजनीति पहुंच बताकर कई लोगों को झांसे में लिया था। राजस्व निरीक्षक भर्ती का पर्चा परीक्षा का एक दिन पहले उपलब्ध कराने का झांसा दिया। गुढियारी के तीन लड़कों से 50 हजार लिए। बाकी उनसे साढ़े 4 लाख का चेक ले लिया। आरोपियों ने किसी को पर्चा ही नहीं दिया। छात्रों ने इसकी शिकायत पुलिस में की। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपियों के गिरफ्तारी के बाद काेरबा, जांजगीर और बिलासपुर से भी शिकायत आई है। पुलिस उसकी भी जांच कर रही है।
सीएसपी कोतवाली सुखनंदन राठौर ने बताया कि अमलीडीह का अंबेडकर टंडन भाजयुमो का नेता है। वह कई बड़े नेताओं के साथ उसकी तस्वीर है। टंडन ऑडी कार में घूमता है। उसने आरआई परीक्षा में बैठे वाले छात्रों से संपर्क किया। उन्हें परीक्षा के पहले पर्चा देने का झांसा दिया था। आरोपियों का कहना था कि पर्चा लीक हो गया है। उनके पास पर्चा पहुंच गया है। उसने तीन छात्रों से पांच लाख में सौदा किया। छात्रों से 50 हजार ले लिए। बाकी पैसे का चेक ले लिया। पुलिस के अनुसार आरोपियों मेडिकल कॉलेज में भर्ती से लेकर नौकरी लगाने का झांसा दिया है। एक दर्जन से ज्यादा लोगों से ठगी की है। आरोपियों के खिलाफ और भी केस दर्ज हो सकते हैं।