रावतपुरा सरकार के कुंभ में शुरू हुआ लक्ष्मीनारायण यज्ञ
श्री रावतपुरा सरकार के सामाजिक कुंभ की शुरुआत बुधवार को 1008 कलश यात्रा के साथ हो गई। रावतपुरा धाम लहार-ग्वालियर में शुरू हुए इस कुंभ में लक्ष्मीनारायण यज्ञ और संत समागम का आयोजन किया जा रहा है। इसमें छत्तीसगढ़ से हजारों श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं। पहले दिन यज्ञ में आहुतियां डाली गईं। पहले दिन संत रविशंकर महाराज ‘रावतपुरा सरकार’ ने अपने आशीर्वचन में कहा कि हम सौभाग्यशाली है कि हमें सामाजिक कुंभ में भक्तों और जनता की सेवा करने का सौभाग्य मिल रहा है। यह 10वां यज्ञ है हमें पूरे 12 यज्ञ करने हैं। एक तो महाराष्ट्र में होगा और दूसरा नर्मदा के किनारे। बुधवार को संतश्री ने सुबह 9 बजे गोविंदा कल्याण मंडपम् मे कलश पूजन, गणेश पूजन, वरूण पूजन कर कलश यात्रा का शुभारंभ किया। वैदिक मंत्रों द्वारा पूजा अर्चना बनारस से आए पं. सुनील त्रिवेदी ने संपन्न करवाया। आचार्य पं. नारायण उपाध्याय ने बताया कि सुबह 11 बजे यज्ञ प्रारंभ हुआ जिसमें 121 यजमान शामिल रहे। दोपहर 2 बजे के बाद भागवत यज्ञ प्रारंभ हुआ जिसमें 108 यजमान शामिल रहे। पहले दिन बड़ी संख्या में विशिष्ठजन अनुष्ठान में शामिल हुए। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की कड़ी में भाई करतार सिंह द्वारा गुरुवाणी, आभास एवं श्रेयांस जोशी ने कबीर गायन किया। इसी क्रम में डाॅ. देवकीनंदन शर्मा की मंडली ने रासलीला का मंचन किया।