रायपुर | मरार पटेल समाज की मांग पर राज्य सरकार ने पसरा शुल्क माफ करने की घोषणा की थी। प्रदेश के शहरी और ग्रामीण इलाकों में यह वसूली पूरी तरह से बंद भी कर दी गई है। इसी तरह 2014 में किए गए वादे के मुताबिक सरकार ने कृषक कल्याण समिति में इसी साल समाज के 3 लोगों को पद भी दिया है। इस मौके पर समाज ने शुक्रवार को इंडोर स्टेडियम में अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम में सीएम डॉ. रमन सिंह, मंत्री अमर अग्रवाल, मंत्री अजय चंद्राकर का समाज की ओर से सम्मान किया जाएगा। यहां विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, सांसद अभिषेक सिंह, मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, मंत्री राजेश मूणत समेत और भी कई जन प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। मरार पटेल महासंघ के प्रांताध्यक्ष राजेंद्र नायक ने कहा कि पटेल और माली को मिलाकर हमारे समाज की आबादी प्रदेश में 15 लाख के करीब है। हमारी मांग है कि समाज को सत्ता में भी भागीदारी मिलनी चाहिए। समारोह में अतिथियों का सम्मान करने के बाद सीएम के सामने यह मांग रखेंगे। कार्यक्रम सुबह 11 बजे मां शाकंभरी की पूजा के साथ शुरू किया जाएगा।
हर अवसर पर माता की पूजा करने की यह परंपरा हाल ही में शुरू की गई है।
सुबह 11.30 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी। 12 बजे सामाजिक प्रतिनिधि अपने विचार समाज के लोगों के सामने रखेंगे। दोपहर 1 बजे सम्मान समारोह होगा। कार्यक्रम में प्रदेशभर से लोग शामिल हों, इसके लिए जिला और ब्लॉक इकाइयों को सूचना दे दी गई है।