पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • जश्न ऐसा मानो छत्तीसगढ़ जीत लिया

जश्न ऐसा मानो छत्तीसगढ़ जीत लिया

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
कर्नाटक चुनाव के नतीजों के बाद भाजपा का उत्साह चरम पर है। मंगलवार को भाजपा के जिला कार्यालय एकात्म परिसर में जोरदार जश्न मनाया गया मानो छत्तीसगढ़ का चुनाव जीत लिया हो। दो घंटे तक एकात्म परिसर और आसपास का इलाका पटाखों की आवाज से गूंजता रहा। नेता और कार्यकर्ता मिठाइयों के और पटाखों के डब्बे लेकर पहुंच रहे थे।

ढोल-मांदर की थाप पर कार्यकर्ता थिरक रहे थे। एक-दूसरे से गले मिलकर बधाइयां दे रहे थे। सीएम के पहुंचते ही नारे लगने लगे। आतिशबाजी तेज हो गयी। उन्हें फूलमालाओं से लाद दिया गया। राजेश मूणत, धरमलाल कौशिक, पवन साय, राजीव अग्रवाल, श्रीचंद सुंदरानी ने उनकी अगवानी की। सीएम ने खुद भी लोगों को मिठाई खिलाई। उन्होंने विक्ट्री साइन बनाया और कहा कि छत्तीसगढ़ में फिर सरकार बनाएंगे।

सीएम ने बांटी मिठाई

मुख्यमंत्री आज बेहद खुश नजर आ रहे थे। वे पार्टी दफ्तर के गेट से सभी का अभिवादन स्वीकारते हुए अंदर पहुंचे। उन्होंने सभी को भरपूर वक्त दिया और किसी को निराश नहीं किया। सबको तस्वीरें लेने का मौका दिया। उन्होंने अपनी खुशी का इजहार इस तरह किया कि खुद मिठाई के डिब्बे खोलकर कार्यकर्ताओं को मिठाई खिलाई। उन्होंने कई दफे विक्ट्री का साइन भी बनाया। भाजपा कार्यालय से निकलते वक्त भी उन्होंने चारों तरफ हाथ हिला-हिलाकर सबका अभिवादन किया।

जनता पीएम मोदी के साथ- कौशिक

कर्नाटक के नतीजे आने के बाद सीएम की मौजूदगी में एकात्म परिसर में देर तक मनाया गया जश्न।

सीएम बोले- राहुल बार-बार आएं , उनका स्वागत है क्योंकि...

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर सीएम ने जमकर कटाक्ष किए। उन्होंने कहा कि राहुल यहां आ रहे हैं तो स्वागत है। छत्तीसगढ़ की तासीर है कि आने वालों का स्वागत अभिनंदन किया जाता है। वे आएं और लगातार आएं। हम उनका स्वागत करेंगे, क्योंकि सभी जानते हैं कि राहुल जहां-जहां जाते हैं ....। छत्तीसगढ़ फतह के लिए रमन को मोदी-शाह की जरूरत के सवाल पर सीएम ने कहा कि मोदी हमारे राष्ट्रीय नेतृत्वकर्ता हैं। शाह हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष है। यहां हम एक और ग्यारह बनकर चुनाव लड़ेंगे। कांग्रेस के विकास ढूंढने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अब और क्या वे पेट्रोमेक्स लेकर विकास ढूंढेंगे। भाजपा के लगातार बढ़ते प्रभाव और माहौल को देखते हुए लोकसभा व विधानसभा चुनाव एक साथ होने पर क्या वे तैयार हैं, यह पूछने पर रमन बोले कि ये तो चुनाव आयोग तय करेगा, लेकिन हमारा कार्यकर्ता तो निकल चुका है, जंग के लिए। कर्नाटक चुनाव के ऐतिहासिक चुनाव ने मोदी सरकार के कामकाज पर भरोसा जताया है। कर्नाटक के चुनाव निर्णायक चुनाव थे। अब 2019 में मोदी को दोबारा पीएम बनने से कोई नहीं रोक सकता। यह कर्नाटक के नतीजों ने तय कर दिया है। अब 23 राज्य मोदी और शाह ने भाजपामय कर दिए हैं। केवल 5 फीसदी भू-भाग में कांग्रेस बची है। सीएम ने फिर तंज कसा कि कांग्रेस अब पीपीपी बनकर रह गी है यानी पंजाब, पुडुचेरी और परिवार। राहुल ने दिखा दिया कि उनके नेतृत्व में कांग्रेस शासित 23 राज्यों का क्या हश्र हुआ।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि देश की जनता मोदी के सबका साथ सबका विकास की विचारधारा के साथ है । उन्होंने कहा कि हम छत्तीसगढ़ में भी रमन सिंह के नेतृत्व में चौथी बार सरकार बनायेंगे। 50 साल देश पर राज्य करने वाली कांग्रेस खुद विकास खोजने निकले उससे ज्यादा हास्यास्पद बात और क्या हो सकती है। राष्ट्रीय महामंत्री सरोज पांडेय ने कर्नाटक की विजय पर मोदी और शाह को बधाई दी है तथा आशा व्यक्त की है कि 2019 के लोकसभा तथा 2018 के विधानसभा चुनाव में भाजपा और बेहतर प्रदर्शन करेगी। राज्य सभा सदस्य रामविचार नेताम ने कहा कि कर्नाटक की जनता ने कांग्रेस की विभाजनकारी नीति को ठुकरा दिया है।

बंद कमरे में 15 मिनट की सहयोगियों से मंत्रणा

मुख्यमंत्री एकात्म परिसर में काफी देर रुके। पत्रकारों से बातचीत के बाद उन्होंने मंत्री राजेश मूणत, प्रदेश अध्यक्ष कौशिक, महामंत्री साय, शहर अध्यक्ष अग्रवाल के साथ बंद कमरे में कुछ देर बातचीत की। जश्न के दौरान संजय श्रीवास्तव, सुभाष तिवारी, प्रफुल्ल विश्वकर्मा, लोकेश कावड़िया, विधायक श्रीचंद सुंदरानी, गोवर्धन खंडेलवाल, अमित मैसेरी, श्रेयांस दस्सानी, संजू नारायण सिंह, ललित जैसिंघ, मीनल चौबे, प्रभा दुबे, लक्ष्मी वर्मा, योगी अग्रवाल, सूर्यकांत राठौर, जयंती पटेल, सलीम अशरफी, दीपक तन्ना समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे।

छत्तीसगढ़ के विपक्ष में गठबंधन के सवाल पर हां नहीं पर ना भी नहीं...

बघेल बोले- आलाकमान तय करेंगे, जोगी

बोले- फिलहाल नहीं, बसपा को उम्मीद

कर्नाटक चुनाव के नतीजों के बाद छत्तीसगढ़ में गठबंधन के मुद्दे पर नए सिरे से मंथन शुरू हो सकता है। हालांकि पीसीसी चीफ भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ में गठबंधन के सवाल को हाईकमान पर छोड़ दिया है उनका कहना है कि इस बारे में उच्चस्तर पर ही कोई फैसला होगा।

वहीं जोगी कांग्रेस के सुप्रीमो अजीत जोगी का कहना है कि जनता को विकल्प चाहिए जो वे दे रहे हैं। गठबंधन के सवाल पर उनका कहना है कि छत्तीसगढ़ में फिलहाल ऐसी कोई संभावना नहीं है। वहीं बहुजन समाज पार्टी की छत्तीसगढ़ इकाई का मानना है कि भाजपा को अगर सत्ता से दूर रखना है तो भाजपा विरोधी ताकतों को एकजुट होकर एक मजबूत गठबंधन बनाना होगा।

हालांकि दोनों ही दल दावा कर रहे हैं कि उनकी पार्टी का भाजपा के साथ सीधा मुकाबला होगा। लेकिन एक दिन पहले ही मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने छत्तीसगढ़ में त्रिकोणीय मुकाबले का दावा कर स्पष्ट कर दिया कि उनके नजरिए से इस बार का चुनावी दंगल पिछले चुनावों से अलग होगा।

कांग्रेस को एंटी इंकम्बैंसी का सहारा

कर्नाटक के बारे में कांग्रेस के रणनीतिकारों का मानना है कि वहां एंटी इंकम्बैंसी के कारण कांग्रेस को सीटें कम मिली हैं। अब उन्हें लगता है कि यही फार्मूला छत्तीसगढ़ में भी लागू होगा। कर्नाटक में कांग्रेस को 38 फीसदी और भाजपा को 36 फीसदी मत मिले हैं। इसके बावजूद कांग्रेस की सीटें भाजपा से कम हैं। जबकि छत्तीसगढ़ में दोनों दलों के बीच मतों का अंतर काफी कम है।

आलाकमान से होगा फैसला: बघेल

कर्नाटक में कांग्रेस के क्षेत्रीय दल के साथ गठबंधन के मुद्दे पर पीसीसी चीफ भूपेश बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में गठबंधन के मुद्दे पर आलाकमान के स्तर पर ही निर्णय होगा। वे ही इस पर कोई निर्णय ले सकते हैं। चुनाव के पहले तो वहां गठबंधन हुआ नहीं था, चुनाव के बाद जिस तरह का जनादेश मिला, उसे देखते हुए गठबंधन की परिस्थितियां बनी हैं। जहां तक छत्तीसगढ़ की बात है तो भाजपा का पहिया कर्नाटक में थम गया है। प्रदेश में सामूहिक नेतृत्व में हम कांग्रेस की सरकार बनाएंगे।

कोई संभावना नहीं: जाेगी

जोगी कांग्रेस के प्रमुख अजीत जोगी का कहना है कि गठबंधन के बारे में उनसे न तो किसी ने अब तक चर्चा की है और न ही उन्होंने किसी से इस पर बात की है। फिलहाल गठबंधन की कोई संभावना नहीं है। हमने पार्टी बनाई है, जनता उसे विकल्प के रूप में देख रही है। अगले चुनाव में हमारा मुकाबला सीधे सत्तापक्ष से है।

जोगी कांग्रेस को इसलिए उम्मीदें

कर्नाटक में जनता दल सेकुलर के साथ कांग्रेस के गठबंधन के बाद छत्तीसगढ़ में भी जनता कांग्रेस की उम्मीदें बढ़ गई हैं। जनता कांग्रेस का दावा है कि अब क्षेत्रीय पार्टियां ही भाजपा को सत्ता में आने से रोक सकती हैं। अजीत जोगी का मानना है कि हर राज्य की परिस्थिति अलग होती है। छत्तीसगढ़ में क्षेत्रीय दल की मांग थी। हमने उस मांग को पूरा किया है।

गठबंधन जरूरी: बाचपेई

इधर छत्तीसगढ़ बसपा के अध्यक्ष ओमप्रकाश बाचपेई ने कहा कि कर्नाटक के नतीजों से छत्तीसगढ़ में हमारे कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर है। दक्षिण भारत में पार्टी का खाता खुला है। कर्नाटक की तरह छग में भी गठबंधन की राजनीति के माध्यम से ही बीजेपी को सत्ता से दूर रखा जा सकता है।

कर्नाटक के नतीजों से बसपा उत्साहित

बहुजन समाज पार्टी को कर्नाटक की कोल्लेगला विधान सभा सीट पर जीत मिली है। बसपा के प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश बाचपेई ने कहा कि दक्षिण भारत में पार्टी का खाता खुलने से छग में भी कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर है। उन्होंने कहा कि नतीजे बताते हैं कि बीजेपी को यदि सत्ता से दूर रखना है तो बीजेपी विरोधी ताकतों को एकजुट होना ही होगा।

खबरें और भी हैं...