आईपीएल क्रिकेट सट्टा फूटा, दो सटोरी गिरफ्तार
रायपुर | एमजी रोड के होटल अशोका में सट्टा खिलाते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया गया। दोनों मुंबई से लाइन लेकर रायपुर में सट्टा चला रहे थे। आरोपियों से आठ हजार नगद और 5 लाख की पट्टी मिली है। आधा दर्जन मोबाइल और लैपटॉप जब्त किया गया है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस के मुताबिक शैलेंद्र नगर का अविनाश दौलतानी और राजेंद्र नगर का गुरुविंदर छाबड़ा उर्फ राजा ने होटल में रविवार को कमरा बुक कराया। दोनों पहले भी वहां आकर ठहरे हुए थे। वे वहीं से सट्टा का दांव ले रहे थे। वाट्स एप और फेसबुक पर दांव लगाया जा रहा था। आरोपी मोबाइल पर भी गेम ले रहे थे। कॉल करने वालों की बातें रिकॉर्ड कर रहे थे। आरोपियों के पास से एक डायरी मिली है। उसमें हिसाब लिखा है।
पुलिस जब्त हुए मोबाइल की भी जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार आरोपियों का बड़ा नेटवर्क है। मुंबई से लाइन लेकर कारोबार कर रहे थे। उन्हें कमीशन दिया जाता है।