मनवा कुर्मी समाज का खाता ब्लॉक करने रजिस्ट्रार से मिलेगा एक गुट
रायपुर| मनवा कुर्मी समाज का चुनाव भारी बवाल के बीच रविवार को रद्द कर दिया गया था। समाज के एक गुट ने संरक्षक तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल पर इस मामले में राजनैतिक साजिश का आरोप लगाने के बाद अब समाज का खाता ब्लॉक करने की तैयारी कर ली है। यह गुट मंगलवार को फर्म और संस्थाओं के रजिस्ट्रार को एक पत्र देने वाला है। इसमें आग्रह किया जाएगा कि समाज के बैंक खाते से पैसे निकालने जाने का अंदेशा है, इसलिए इसे ब्लॉक किया जाए।गौरतलब है, कुर्मी समाज के चुनाव रद्द करने की घोषणा भूपेश ने की थी। इससे नाराज केंद्रीय अध्यक्ष पद के प्रत्याशी चोवाराम वर्मा तथा समर्थकों ने आरोप लगाया था कि भूपेश समर्थक प्रत्याशी चुनाव नहीं जीतते, इसलिए इसे रद्द करने का षड्यंत्र किया गया। इस विवाद में नया मोड़ तब आया, तब दुर्ग-भिलाई से समाज के एक गुट ने खाता ब्लॉक करने की मांग उठा दी। इस गुट का नेतृत्व कर रहे समाज के आजीवन सदस्य राजेंद्र परगनिहा, नरेश वर्मा और टीकम वर्मा का कहना है कि राजनीतिक कारणों से चुनाव रद्द करने के बाद पदाधिकारी नरदहा सामाजिक भवन समेत दूसरे निर्माण कार्यों की जानकारी नहीं दे रहे हैं।
हमें आशंका है कि समाज के खाते से पैसे निकाले जा सकते हैं इसलिए रजिस्ट्रार से शिकायत कर खाता बंद करने की मांग करेंगे। इसके अलावा हम पहले भी समाज के पदाधिकारियों से मांग कर चुके हैं कि सामाजिक बहिष्कार को पूरी तरह से खत्म किया जाए। अगर ऐसा नहीं किया जाता है तो दुर्ग-भिलाई से समाज का नया संगठन तैयार किया जाएगा।
चुनाव रद्द करने से नाराज गुटों का निशाना भूपेश पर