स्टेशन में लगंेगी 500 नई बेंच, एक वक्त में बैठ सकेंगे 4 हजार यात्री
ट्रांसपोर्ट रिपोर्टर | रायपुर
चेयर या बेंच के अभाव में अब रायपुर स्टेशन में ज्यादातर मुसाफिरों को ट्रेन के इंतजार में प्लेटफार्म पर खड़े नहीं रहना होगा। अभी एक समय में रायपुर स्टेशन के सभी 7 प्लेटफार्म में अधिकतम 1500 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था है। महीनेभर में रेलवे यहां 500 से ज्यादा स्टील बेंच और चेयर लगाने जा रहा है, जिससे एक वक्त पर 5000 से ज्यादा यात्रियों को ट्रेन के इंतजार में बैठने की सुविधा उपलब्ध हो जाएगा। इसमें कई बेंच बिना बैक की होंगी, जिसमें ज्यादा यात्री बैठ पाएंगे।
रायपुर स्टेशन के सभी प्लेटफार्म में अभी बैठने के इंतजाम के रूप में इक्का-दुक्का बेंच तथा प्लेटफार्म के पिलर का चबूतरा ही है। रायपुर ही नहीं, मंडल के दुर्ग, भाटापारा, पावर हाउस, तिल्दा सहित कई भीड़भरे स्टेशनों में भी यही व्यवस्था है। इन स्टेशनों में कुल मिलाकर 1250 स्टील चेयर और बेंच लगेंगी। इनमें से 500 सिर्फ रायपुर में होंगी। साथ ही, प्लेटफार्म की पुरानी चेयर बदलकर नई लगाई जाएंगी। हटाई गई चेयर्स छोटे स्टेशनों में शिफ्ट होंगी। गौरतलब है, रेलवे बाेर्ड ने देशभर के स्टेशनों के लिए 1 लाख स्टील बेंच लगाने का निर्देश दिया है।
रिजर्वेशन दफ्तर में भी : स्टेशन के रिजर्वेशन कार्यालय में भी चेयर और बेंच नहीं के बराबर हैं। आरक्षण काउंटर से टोकन लेने के बाद घंटों खड़े रहना लोगों की मजबूरी है। इसलिए वहां भी स्टील बेंच लगेंगी।
यह नहीं होने से बुजुर्गों और महिलाओं को ज्यादा परेशानी हो रही है। इसके अलावा वेटिंग हॉल में कुर्सियां कम रहने से ज्यादातर यात्रियों को फर्श पर भी बैठना पड़ रहा है। यह दिक्कत भी नई बेंचों से दूर होगी।
तीन तरह की बेंच
प्लेटफार्मों में तीन तरह की बेंच लगाई जाएंगी। इनमें चार सीटर और दस सीटर बेंच होंगी। साथ ही, ज्यादातर बेंच बिना बैक वाली होंगी। यह नई बेंच इसलिए लाई जा रही हैं ताकि ज्यादा लोग बैठ सकें।