रायपुर| राजधानी और आसपास गुरुवार को दोपहर चले अंधड़ और बारिश का असर शुक्रवार को भी रहा। दोपहर में तेज धूप के कारण तापमान 40 डिग्री से ऊपर चला गया, लेकिन हल्के बादल और हवा में नमी की वजह से दोपहर के बाद थोड़ी राहत रही। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बादल और नमी आने का सिलसिला एक-दो दिन और चलेगा। इस वजह से शनिवार को भी दोपहर में गर्मी बहुत अधिक नहीं रहेगी। एक-दो जगह शाम को अंधड़ के साथ बौछारें भी पड़ सकती हैं।
रायपुर में सुबह हवा में नमी 55 फीसदी के आसपास थी। इस वजह से दोपहर का तापमान फिर 40 डिग्री के पार हुआ और 40.6 डिग्री रिकार्ड किया गया। यह सामान्य से एक डिग्री कम था। रात में भी पारा 26.7 डिग्री रहा। यह भी सामान्य से एक डिग्री कम है। बिलासपुर शुक्रवार को भी प्रदेश में सबसे ज्यादा गर्म हुआ और तापमान 42 डिग्री के पार पहुंच गया। हालांकि वहां भी तापमान सामान्य से एक डिग्री कम है। मौसम विभाग के अनुसार पेंड्रारोड, अंबिकापुर, जगदलपुर, दुर्ग और राजनांदगांव में पारा 39 से 41 डिग्री के बीच ही दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानियों के अनुसार दक्षिण उत्तरप्रदेश और आसपास ऊपरी हवा में चक्रवात बना हुआ है।
यहां से दक्षिणी बिहार व उत्तरी पश्चिम बंगाल होते हुए एक द्रोणिका भी है। इसके असर से प्रदेश में नमी आ रही है। अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के दक्षिण हिस्से यानी बस्तर संभाग में कहीं-कहीं हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। रायपुर में दोपहर तक आसमान साफ रहेगा, लेकिन इसके बाद हल्के बादल आ सकते हैं। तापमान तापमान 42 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।
फिर चली तेज हवा