रायपुर| एनआईटी के पास बन रहे सेंट्रल ऑक्सी रीडिंग में बन रही ई-लाइब्रेरी में 125 नए कंप्यूटर लगाए गए हैं। इन सभी कंप्यूटरों में इंटरनेट की स्पीड 100 एमबीपीएस रखी गई है। यहां 24 घंटे बिजली होने की वजह से छात्र किसी भी समय ऑनलाइन एक लाख से ज्यादा किताबों को देख और पढ़ सकेंगे। इस तरह की ऑनलाइन लाइब्रेरी राज्य के किसी भी जिले में नहीं है। छह एकड़ जमीन पर बने रहे नालंदा परिसर में युवाओं के लिए इंडोर और आउटडोर रीडिंग के साथ ही ई-लाइब्रेरी भी बनाई गई है।
अफसरों का दावा है कि इस महीने इसकी शुरुआत हो जाएगी। कंप्यूटर में चिप्स से 100 एमबीपीएस स्पीड की लीज लाइन बिछाने का काम पूरा हो गया है। सभी कंप्यूटरों के साथ हेडफोन भी लगाया गया है ताकि आमने-सामने वालों को आवाज को लेकर कोई परेशानी न हो। इन कंप्यूटरों में लोग यू ट्यूब के साथ ही ऑनलाइन कोचिंग संस्थानों की क्लास भी देख सकेंगे। अंतिम चरण के काम का निरीक्षण करने के लिए शुक्रवार को कलेक्टर ओपी चौधरी अफसरों के साथ वहां पहुंचे। उन्होंने बताया कि यह पहला ऐसा संस्थान होगा जो सातों दिन और 24 घंटे खुला रहेगा। इसमें लाइब्रेरी के सदस्यों को आरएफ आई कार्ड से प्रवेश मिलेगा। पूरी तरह से एसी वाले इस टॉवर के भूतल, प्रथम व द्वितीय तल के साथ ही इसके छत में भी पढ़ाई के लिए आकर्षक फर्नीचर और एलईडी लाइट लगाई गई है। इसी परिसर में नहर के साथ सुंदर वॉटर बॉडी भी बनाई जा रही, जिसमें रंगीन फौव्वारे भी लगाए जाएंगे। पूरा परिसर वाई-फाई जोन से लैस होगा। यहां बिजली के वायर और ट्रांसफार्मर भी अंडरग्राउंड होंगे। इन सबके साथ ही एक फैसिलिटी प्लाजा होगा, जिसमें स्टेशनरी, बुक स्टॉल, मेडिकल और रेस्टारेंट होंगे, जो 24 घंटे खुले रहेंगे।
ई-लाइब्रेरी जल्द