पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • हाईवे के किनारे 70 ढाबों पर चलेगा बुलडोजर

हाईवे के किनारे 70 ढाबों पर चलेगा बुलडोजर

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रायपुर-मंदिरहसौद और विधानसभा हाईवे पर बेतरतीब बने 70 ढाबों, होटलों बुलडोजर चलाया जाएगा। सड़क किनारे बेतरतीब और गलत तरीके से बने इन ढाबों-होटलों की पहचान कर ली गई है।

टाउन एंड कंट्री प्लानिंग की ओर से सभी को नोटिस जारी किया गया, लेकिन आठ संचालकों ने ही जवाब दिया। अब एक-दो दिनों के भीतर कभी भी तोड़फोड़ की जाएगी। सड़क तक दुकान लगाकर ट्रैफिक में खतरा पैदा करने वाले इन संचालकों के खिलाफ एफआईआर की भी तैयारी है। टाउन एंड कंट्री प्लानिंग ने पिछले महीने 70 होटलों व ढाबों के मालिकों को नोटिस जारी किया था। उन्हें कहा गया था कि वे सात दिनों के भीतर जवाब दें कि उन्होंने जो निर्माण कराया है उसके दस्तावेज और नक्शे की कॉपी विभाग में जमा कराएं। विभाग की ओर से दिए गए समय में केवल 8 लोगों ने जवाब दिए। उनके जवाब भी अधूरे हैं।

बाकी होटलों और ढाबों संचालकों ने नोटिस का जवाब भी नहीं दिया। बल्कि सरकारी कार्रवाई के विरोध में एसोसिएशन का गठन कर कलेक्टर-एसएसपी से मिलकर कार्रवाई रुकवाने की मांग की। दोनों अफसरों ने साफ कर दिया कि अवैध निर्माण हर हाल में टूटेंगे। आला अफसरों से हरी झंडी मिलते ही टाउन एंड कंट्री प्लानिंग ने निगम कमिश्नर को चिट्ठी लिख दी। इसमें बताया गया है कि अवैध निर्माण करने वाले ढाबों और होटल संचालकों को नोटिस दी गई थी, लेकिन उन्होंने कोई दस्तावेज नहीं दिखाए। अफसरों का कहना है कि इनमें से कुछ की जमीन नजूल है। ऐसे में इस जमीन पर बिना नक्शे के किसी भी तरह का निर्माण अवैध होगा। इसके बावजूद संचालकों ने मुख्य सड़क तक निर्माण कर लिया है, जिसकी वजह से हादसे हो रहे हैं। विभाग की इस रिपोर्ट के आधार पर निगम कमिश्नर ने एक हफ्ते के भीतर इन सभी अवैध निर्माणों को तोड़ने का फरमान जारी कर दिया है। तोड़फोड़ के लिए अफसरों की टीम भी तैयार कर दी गई है। इनके साथ सिटी एसडीएम, तहसीलदार और पुलिस के अफसर भी शामिल रहेंगे। तोड़फोड़ का कोई विरोध करता है तो उस पर भी कार्रवाई की जाएगी।

ये भारी ट्रैफिक के लिए खतरा हटाने के लिए दिए थे नोटिस

क्या है मामला?

छत्तीसगढ़ क्रिकेट लीग के दौरान सदरबाजार के कारोबारी शंकर बजाज की एक ढाबे में ट्रेलर घुसने से मौत हो गई थी। उस समय वे ढाबे में अपने साथियों के साथ भोजन कर रहे थे। उसी दौरान अनियंत्रित होकर एक ट्रेलर ढाबे में घुस गया। इस हादसे में उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। उसी के बाद ये बात सामने आई कि हाईवे पर बेतरतीब कब्जों के कारण हादसों का खतरा पैदा हो गया है। घटना को जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों ने गंभीरता से लिया। इसके बाद ही ऐसे ढाबों, होटलों और निर्माण की सूची तैयार की गई है जो नेशनल या स्टेट हाईवे पर स्थित हैं। सूची तैयार होने के बाद ही इन सभी को नोटिस जारी की गई।

खबरें और भी हैं...