रायपुर| टिकरापारा के चर्चित गोलीकांड में युवक की हत्या के बाद गिरफ्तार भाठागांव का रुबी तोमर शुक्रवार को पकड़ा गया। हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद आरोपी कोर्ट में पेश नहीं हो रहा था। कोर्ट से उसकी गिरफ्तारी का वारंट जारी किया गया। उसके बाद आरोपी को पकड़कर पेश किया गया। उसने अपने वकील के माध्यम से हाईकोर्ट से जमानत की कॉपी कोर्ट के सामने प्रस्तुत की। उसके बाद उसे रिहा किया गया।
पुलिस के अनुसार दो साल पहले आपसी विवाद में रुबी तोमर ने अपने परिचित युवक की पैसों के लेन-देन को लेकर गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था। कुछ अर्सा पहले ही वह जमानत पर छूटा। उसके खिलाफ शहर के कुछ और थानों में केस दर्ज है। पिछले महीने पुलिस ने उसके भाई को ब्याज का कारोबार करने पर गिरफ्तार किया था। वह बिना लाइसेंस के शहर में ब्याज का कारोबार चला रहा था।
उसके बारे में शिकायत थी कि वह दस प्रतिशत ब्याज में कारोबार चला रहा है। पैसे नहीं लौटाने या देरी करने वालों के साथ मारपीट करने की शिकायत थी। उसने एक कारोबारी की घर में घुसकर पिटाई थी। कारोबारी ने राजेंद्र नगर में शिकायत की। जांच के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर लिया। उस केस में भी रुबी तोमर का भी नाम सामने आया था।