बिलासपुर | अंतागढ़ चुनाव के दौरान सामने आई गड़बड़ी को लेकर चुनाव आयोग से शिकायत करने के बाद कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए लगाई गई याचिका हाईकोर्ट ने खारिज कर दी है। पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान नामांकन वापस लेने के अंतिम समय में कांग्रेस के मंतूराम पवार ने अपना नाम वापस ले लिया था, इसके बाद भाजपा के भोजराज नाग और रूपधर पुडो मुख्य उम्मीदवार रह गए थे। नतीजे आने पर नाग ने 50 हजार से अधिक मतों के अंतर से जीत हासिल कर ली है। बाद में मंतूराम पवार भाजपा में शामिल हो गए थे। बाद में एक ऑडियो क्लिप सामने आया था। रायपुर में रहने वाले राकेश चौबे ने चुनाव आयोग से शिकायत कर कहा था कि चुनाव में पारदर्शिता का पालन नहीं किया गया। शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने हाईकोर्ट में याचिका प्रस्तुत की है, इसमें केंद्रीय और राज्य निर्वाचन आयोग को पक्षकार बनाते हुए मामले की जांच की मांग की गई है।
सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने याचिका खारिज कर दी है।