तेलीबांधा के भवानी नगर में शनिवार रात 11 बजे पुरानी रंजिश में एक युवक पर मोहल्ले के युवकों ने जमकर मारपीट की। बीच बचाव करने आए भाई पर आरोपियों ने तलवार से हमला कर दिया। अंबेडकर अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद दोपहर में शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
तेलीबांधा पुलिस के मुताबिक जोरा भवानी नगर का कुणाल सेनानी निजी कंपनी में काम करता है। वह रात में अपनी ड्यूटी से लौट रहा था। गौरा चौरा के पास मोहल्ले के अशोक यादव (30), रंजन यादव (32), रमेश यादव (21) और रवि यादव (20) खड़े थे।
कुणाल का आरोप है कि आरोपियों ने उसे देखकर गाली गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर चारों ने मिलकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। सूचना के मिलने के बाद बड़े पिता का बेटा सागर पाल (20) बीच बचाव करने आया। आरोपी उसके साथ भी मारपीट करने लगे। तभी एक आरोपी तलवार लेकर आया और उसके पेट पर लगातार कई वार किए। जख्मी होकर सागर जमीन पर गिर गया। इसके बाद आरोपी वहां से भाग निकले। उसे तुरंत अंबेडकर अस्पताल लाया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। सुबह तक सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों से तलवार और खून से सना कपड़ा जब्त किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी और तरुण का पहले भी विवाद हो चुका है। उनके बीच रंजिश चल रही थी। वहीं मृतक सागर ठेला लगाता था। वह घर का बड़ा लड़का था। उसका आरोपियों से कुछ विवाद नहीं था। वह अपने भाई को बचाने आया था। घटना के बाद भवानी नगर में मातम छा गया है।