सप्रे स्कूल के पास पुलिस ने मितानिनों को रोका, डेढ़ घंटे तक जाम में फंसे रहे लोग।
रायपुर | वेतनवृद्धि व सुविधाएं बढ़ाने की मांग के साथ मितानिनों ने सोमवार को राजधानी में बड़ा प्रदर्शन किया। स्वास्थ्य मितानिन संघ की अगुवाई में पिछले दस दिनों से हड़ताल पर बैठी मितानिनों ने सोमवार को सीएम हाउस का घेराव करने के लिए धरना स्थल से रैली निकाली। 12 सूत्रीय मांगों के साथ निकली हजारों मितानिनों को पुलिस प्रशासन ने सप्रे स्कूल गेट के पास रोक दिया। इस दौरान मितानिन नारेबाजी करते हुए वहीं धरने पर बैठ गईं। मितानिन संघ की पदाधिकारियों ने कहा कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुई तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगी।
पुलिस की व्यवस्था फेल
मितानिनों की मुख्यमंत्री निवास घेराव के ऐलान के बाद भी सोमवार को पुलिस ट्रैफिक व्यवस्था को संभाल नहीं पाई। पुलिस ने रैली के मद्देनजर रूट डायवर्सन का कोई आदेश जारी नहीं किया था। जबकि सैकड़ों के तादाद में मितानिन रैली में निकली थी। इस कारण ईदगाहभाठा चौक के चारों ओर ट्रैफिक जाम था। लोग डेढ़ घंटे तक जाम में फंसे रहे। आमापारा से आने वाले सुंदर नगर की ओर नहीं जा पा रहे थे। इसी तरह सुंदर नगर, पुरानी बस्ती वाले चौक पार नहीं कर पा रहे थे। इसी तरह कंकाली पारा रोड, बूढापारा से पुलिस लाइन, सप्रे शाला, श्याम टॉकीज रोड और नगर निगम चौक पर जमा लगा रहा। गाड़ियां फंस गई थी। लोगों का कहना था कि पुलिस ने पूर्व में कोई सूचना नहीं दी थी। रूट भी नहीं बदला था।