पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • हड़ताल के तीन दिन बाद अंबेडकर अस्पताल में बढ़ाई नर्सों की संख्या लेकिन नहीं बढ़ी सर्जरी

हड़ताल के तीन दिन बाद अंबेडकर अस्पताल में बढ़ाई नर्सों की संख्या लेकिन नहीं बढ़ी सर्जरी

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
अंबेडकर अस्पताल में सुबह व दोपहर की पाली में प्रशिक्षु नर्सों की संख्या बढ़ा दी गई है, लेकिन मरीजों की सर्जरी नहीं बढ़ रही है। नर्सों की हड़ताल के कारण पिछले तीन दिनों से यह समस्या आई है। दूसरी ओर स्वास्थ्य संचालक रानू साहू ने हड़ताली नर्सों की जानकारी मांगी है और सीएमओ व सिविल सर्जन को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

वेतन व स्टाफ बढ़ाने की मांग को लेकर नर्स 18 मई से हड़ताल कर रही हैं। इसके कारण अंबेडकर व दूसरे सरकारी अस्पतालों में मरीजों का इलाज प्रभावित हुआ है। हालांकि अंबेडकर में अब प्रशिक्षु नर्सों की संख्या बढ़ाई गई है। सोमवार को सुबह की पाली में 171 व दोपहर की पाली में 164 नर्सों की ड्यूटी लगाई गई। रात की पाली में इससे आधी नर्सों की ड्यूटी लगाई गई है। ओपीडी में 1935 मरीजों का इलाज किया गया। इनमें केवल 63 मरीज नए थे। बाकी फालोअप में आए थे। केवल पांच मरीजों का ऑपरेशन किया गया। वहीं गायनी विभाग में सात महिलाओं की डिलीवरी कराई गई। नर्स अपनी मांगों को लेकर हिंद स्पोर्टिंग ग्राउंड में हड़ताल कर रही हैं।



उनका दावा है कि हड़ताल के कारण स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं, लेकिन बातचीत के लिए पहल करने कोई नहीं आ रहा है। मांग पूरी नहीं होने तक हड़ताल जारी रहेगी। स्वास्थ्य संचालक की धमकी का कोई असर नहीं होगा। उनका यह कहना कि नर्सें हड़ताल पर नहीं जा सकतीं, गलत है।

जिलों से रिपोर्ट आने पर कार्रवाई

स्वास्थ्य संचालक रानू साहू ने सभी सीएमएचओ और अस्पताल अधीक्षकों से हड़ताली नर्सों की सूची मांगी है। जिलों से रिपोर्ट आने पर आगे कार्रवाई तय होगी। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से जिलों के कलेक्टर और एसपी को भी नर्सों के हड़ताल को लेकर पत्र लिखा गया है। तीन-चार दिन से प्रदेशभर की नर्सें अपनी अलग-अलग मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं। नर्सों की मांगों में ग्रेड -पे 4600 एवं ग्रेड -2 का दर्जा, नर्सिंग एलाउंस, नर्सिंग स्टाफ की जगह नर्सिंग आफिसर पदनाम देने, समान काम समान वेतन देने और वेतनमान में वृद्धि शामिल है।

मालूम हो कि नर्सों का सांकेतिक प्रदर्शन एक महीने हो रहा था, तभी उन्होंने चेतावनी दी थी कि उनकी मांगें पूरी नहीं हुई तो वो अनिश्चितकालीन हड़ताल करेंगी। वे 18 मई से छह सूत्री मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं। उनका कहना है कि जब तक मांगें पूरी नहीं होगी, हड़ताल खत्म नहीं होगी।

खबरें और भी हैं...