रायपुर | कलेक्टोरेट में सोमवार को आयोजित जनदर्शन में एक बार सबसे ज्यादा शिकायतें जमीन संबंधित मामलों की पहुंची। नाराज लोगों ने कलेक्टर का घेराव करते हुए कहा कि महीनों चक्कर लगाने के बाद भी उनके काम नहीं हो रहे हैं। जनदर्शन की शुरुआत में भनपुरी की मीनाक्षी राव ने कलेक्टर ओपी चौधरी को बताया कि कई बार आवेदन देने के बाद भी अफसर उनकी जमीन की सीमांकन नहीं कर रहे हैं। सुंदर नगर की मीनाक्षी पाण्डेय ने अपने आवास नियमितीकरण के लिए आवेदन दिया। छछानपैरी के लोगों ने गांव वालों को आबादी पट्टा दिलाने की मांग की।
धनसुली के रामकुमार, कोदवा के अशोक कुमार और सेरीखेड़ी की भुनेश्वरी कोशले ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान दिलाने, सलौरी की तोरशबाई जांगडे ने सामाजिक पेंशन, भंडारपुरी के सुमरन, अशोक कुमार, पुनौतिन कुर्रे एवं श्री नेतराम कुर्रे ने सूखा राहत की रकम दिलाने, तामासिवनी के पुरुषोत्तम ने विकलांग पेंशन, सकरी के झन्नू राम और मनहरण साहू ने श्रमकार्ड पंजीयन, सकरी के देवकुमारी साहू ने राशन कार्ड में संशोधन और बैरनबाजार के संदीप वर्मा ने एजुकेशन लोन पर मिलने वाली सब्सिडी दिलाने के लिए आवेदन दिया। कलेक्टर ने सभी आवेदनों पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान अपर कलेक्टर कदीर अहमद खान समेत जिला विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।