रायपुर | गांधी मैदान के सामने निगम के पुराने कांजी हाउस की जमीन पर बने कांप्लेक्स को स्मार्ट कांप्लेक्स बनाया जाएगा। आईडीएसएमटी योजना के तहत इस पुराने कांजी हाउस की जमीन पर बने निगम काम्प्लेक्स को सजाया-संवारा जाएगा। काम्प्लेक्स में योजना बनाकर पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। गेट के शटर तथा ग्रिल में मरम्मत व सुधार करवाकर पेंटिंग कराई जाएगी। आवश्यक सुधार व मरम्मत करवाकर उसे स्मार्ट सिटी की तर्ज पर सुंदर व्यवसायिक परिसर के रूप में व्यवस्थित किया जाएगा। महापौर प्रमोद दुबे और निगम कमिश्नर रजत बंसल ने सोमवार को गांधी मैदान के सामने के निगम काम्प्लेक्स को सुंदर व्यवसायिक परिसर बनाने के लिए स्मार्ट सिटी के अफसरों को निर्देश दिया।