- Hindi News
- National
- प्रभाष ने खेली अर्धशतकीय पारी, कप्तान उत्कर्ष भी चमके, अब बढ़त से होगा फैसला
प्रभाष ने खेली अर्धशतकीय पारी, कप्तान उत्कर्ष भी चमके, अब बढ़त से होगा फैसला
छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ की आेर से आयोजित अंडर-19 इंटर डिस्ट्रिक्ट टूर्नामेंट के पहले सेमीफाइनल का फैसला अब पहली पारी में बढ़त के आधार पर ही होगा। मैच के दूसरे दिन मंगलवार को रायपुर की टीम पहली पारी में 214 रन बनाकर आउट हुई। प्रभाष ने 63 रन की शानदार पारी खेली। जवाब में भिलाई ने 24 रन पर एक विकेट गंवा दिए थे।
बीएसपी मैदान पर खेले जा रहे तीन दिवसीय मुकाबले के दूसरे दिन रायपुर ने पहली पारी में तीन विकेट पर 71 रन से आगे खेलना शुरू किया। पूरी टीम 128.4 ओवर में 214 रन पर सिमट गई। प्रभाष ने 125 गेंद का सामना करते हुए 63 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 6 चौके और एक छक्का भी लगाया। अंतिम समय में कप्तान उत्कर्ष तिवारी ने 30 रन की महत्वपूर्ण पारी खेलकर टीम का स्कोर 200 के पार पहुंचाया। रिषि शर्मा ने 41 और वेद व्यास ने भी 24 रन का योगदान दिया। भिलाई की ओर से एम बिन्नी ने तीन जबकि सजल और कार्तिक ने दो-दो विकेट झटके। जवाब में दिन का खेल खत्म होने पर भिलाई ने सात ओवर में एक विकेट पर 24 रन बना लिए थे। साकेत 11 और आर्यन ने सात रन बनाए। मैच के अंतिम दिन दोनों ही टीमें पहली पारी में बढ़त लेना चाहेंगी। जो टीम इसमें कामयाब रही उसकी फाइनल में जगह पक्की हो जाएगी।
प्रभाष शुक्ला
रायपुर सेमीफाइनल में 214 रन पर सिमटा, प्रभाष ने बनाए 63 रन, भिलाई एक विकेट पर 24 रन
सौरभ के दम पर पर दुर्ग को मिली 73 रन की बढ़त
टूर्नामेंट के दूसरे सेमीफाइनल में सौरभ सोलंकी की शानदार गेंदबाजी के दम पर दुर्ग ने बिलासपुर के खिलाफ पहली पारी में 73 रन की महत्वपूर्ण बढ़त हासिल कर ली है। राजधानी में खेले जा रहे मुकाबले के दूसरे दिन मंगलवार को बिलासपुर ने पहली पारी में तीन विकेट पर 52 रन से आगे खेलना शुरू किया। पूरी टीम 49.4 ओवर में 121 रन बनाकर आउट हो गई। सन्नी पांडे ने 31 रन का योगदान दिया। सौरभ सोलंकी ने 37 रन देकर सात विकेट झटके। युग को भी तीन विकेट मिले। दुर्ग ने पहली पारी में 194 रन बनाए थे। दिन का खेल खत्म होने पर दुर्ग ने दूसरी पारी में 116 रन पर सात विकेट गंवा दिए थे। सौरभ 22 रन बनाकर क्रीज पर हैं। आयुष ने 33 और आदित्य ने 31 रन बनाए। टीम को 189 रन की कुल बढ़त मिल चुकी है। मैच के अंतिम दिन दोनों ही टीमें जीत के लिए जाेर लगाएंगी।
मुकाबले के दौरान दुर्ग और बिलासपुर के खिलाड़ी।