- Hindi News
- National
- पीएम रिपोर्ट में गला दबाने की पुष्टि, देर रात आरोपी युवक पर हत्या का केस
पीएम रिपोर्ट में गला दबाने की पुष्टि, देर रात आरोपी युवक पर हत्या का केस
स्टेशन रोड के यांत्रिकी होटल में अपूर्वा तिवारी की मौत के मामले में पुलिस ने देर रात आरोपी युवक पर ही हत्या का केस दर्ज किया है। डॉक्टरों ने मंगलवार को पोस्टमार्टम की प्रारंभिक रिपोर्ट दे दी है। उसमें गला दबाने से मौत की पुष्टि हुई है। युवती के सिर, चेहरे और गले के पास चोट के निशान मिले हैं।
रिपोर्ट के आधार पर पुलिस जांच शुरू कर दी है। युवती के साथ होटल में ठहरे विपिन दुबे को शाम 6 बजे अंबिकापुर से रायपुर लगाया गया है। उसने गांधीनगर थाने में सरेंडर किया था।
वह अब भी अपने बयान में अड़ा हुआ है। उसने पुलिस को बयान दिया है कि अपूर्वा ने बाथरूम में फांसी लगाकर जान दी थी। पुलिस की टीम जांच के लिए उसे होटल भी लेकर गई थी। उसके सामने होटल की जांच की गई। जांच के दौरान कुछ नहीं मिला। पुलिस को अब फंदा नहीं मिल पाया है जिसमें युवती की फांसी लगाने की बात कहीं जा रही है। पीएम रिपोर्ट के आधार पर गंज पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
बाथरूम में भी हुकिंग नहीं मिला है, जिसमें फांसी लगाई जा सके।
सिर पर किया हमला
प्रारंभिक पीएम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि मौत के पहले युवती के साथ मारपीट की गई है। उसके सिर पर चोट के निशान है। गले के पास भी निशान पाए गए है। पुलिस को शक है कि संदेही विपिन ने जब युवती का गला दबाया होगा तो वह छटपटाई होगी। तब आरोपी ने उसके साथ मारपीट की होगी। हालांकि पुलिस ने युवती के बिसरा को भी जांच के लिए भी भेजा गया है।
पुलिस जांच कर रही है कि युवती को कोई जहर या कुछ और तो नहीं दिया गया था।
संदेही ने जिस समय में युवती की मौत बताई है। उस समय उसने कई लोगों से बातचीत की है। कुछ लाेगों से उसकी 20 से 25 मिनट तक लंबी बात हुुई है।