- Hindi News
- National
- रायपुर पहुंची जागनी रथयात्रा का संदेश विश्व शांति बंधुत्व से ही संसार में आएगी खुशहाली
रायपुर पहुंची जागनी रथयात्रा का संदेश- विश्व शांति-बंधुत्व से ही संसार में आएगी खुशहाली
कम्युनिटी रिपोर्टर | रायपुर
महामति श्री प्राणनाथजी के 400 वें प्राकट्य वर्ष के उपलक्ष्य में श्री कृष्णप्रणामी विश्व परिषद दिल्ली द्वारा उनके संदेश को जन-जन तक पहुंचाने विश्वव्यापी जागनी रथ यात्रा निकाली गई है। यह यात्रा दुर्ग से होकर मंगलवार सुबह रायपुर पहुंची जहां श्रीकृष्ण प्रणामी संप्रदाय से जुड़े अनुयायियों ने रथ और शोभायात्रा का गाजे-बाजे व पुष्प वर्षा के साथ भव्य स्वागत किया। यात्रा रोजाना 200 से 250 किमी का मार्ग तय करती है, दल में प्रमुख संतों समेत 19 सदस्य साथ चल रहे हैं। यात्रा का मुख्य उद्देश्य सर्वधर्म समभाव का संदेश देना है। विश्व शांति-विश्व बंधुत्व से ही संसार में खुशहाली आएगी यही बताया जा रहा है। शाम के सत्र में प्रदेश के कृषि व जल संसाधन मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल भी शामिल हुए। विद्वान संतों व ब्रम्हमुनियों के साथ जागनी रथयात्रा का मंगलवार को रायपुर पहुंचने पर सीए राजेश प्रेम अग्रवाल के नेतृत्व में श्रीकृष्ण प्रणामी सुंदरसाथगण के सदस्यों ने जोरदार स्वागत किया। इसके बाद भीमसेन भवन समता कालोनी में संतों ने श्रीकृष्ण प्रणामी धर्म को मानने वाले निजानंद संप्रदाय से जुड़े सैकड़ों लोगों को यात्रा का उद्देश्य बताया। सत्संग में प्रमुख रूप से 108 मोहन प्रिया आचार्य (पं.बंगाल), श्यामनंद महाराज (चंडीगढ़), नारायण स्वामी (गुजरात) व लीलारस सागर (पं,बंगाल) ने आर्शीवचन दिए। महामति श्री प्राणनाथजी के दिव्य संदेशों को देश और विदेश में पहुंचाने 19 सितंबर 2017 को जामनगर गुजरात से यह यात्रा शुरू हुई।