रायपुर | अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत ने वाल मार्ट द्वारा फ्लिप कार्ट की खरीदी करने का विरोध किया है। इस संबंध में शुक्रवार को पंचायत ने अपर कलेक्टर कदीर खान को ज्ञापन सौंपा। संगठन के महानगर सचिव बद्री प्रसाद कुर्रे ने कहा कि वाल मार्ट चीनी सामानो की अमेरिकी विक्रेता कंपनी है। इस डील से सारा मुनाफा अमेरिका जाएगा और रोजगार चीन को मिलेगा। हमारी स्वदेशी भावना आहत होगी। साथ ही प्रधानमंत्री का मेक इन इंडिया का सपना भी कमजोर होगा। इस दौरान महानगर अध्यक्ष मनु अरुण दुबे, प्रांत सचिव अमित वर्मा, ऋषिंद्र नामदेव, शैलेंद्र शुक्ला आदि मौजूद रहे।