बिलासपुर | सरकार के अब तक के कार्यकाल की उपलब्धियों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से निकाली जा रही विकास यात्रा के भाजपाईकरण का आरोप लगाते हुए हाईकोर्ट में जनहित याचिका लगाई गई है। सोमवार को प्रस्तुत की गई याचिका में मुख्य सचिव और डीजीपी को इस पर रोक लगाने के निर्देश देने सहित अन्य मांगें की गई हैं। याचिका के साथ गर्मी की छुट्टी के दौरान ही मामले पर सुनवाई करने का आग्रह करते हुए आवेदन भी प्रस्तुत किया गया है।
रायपुर में रहने वाले डॉ. अजीत आनंद बेग्वेकर ने अधिवक्ता हिमांशु शर्मा के जरिए सोमवार को हाईकोर्ट में जनहित याचिका प्रस्तुत कर इन दिनों निकाली जा रही विकास यात्रा के पूरी तरह भाजपाईकरण का आरोप लगाते हुए कहा है कि कहा है कि इसमें पब्लिक फंड का उपयोग किसी व्यक्ति या राजनीतिक दल के प्रचार- प्रसार के लिए नहीं किया जा सकता। विज्ञापनों को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने भी दिशा- निर्देश जारी किए हैं। याचिका में आरोप लगाया गया है कि विकास यात्रा पूरी तरह से भाजपा का कैंपेन प्रोग्राम है। इसे लेकर प्रकाशित विज्ञापनों में भी भाजपा का लोगो कमल मौजूद रहता है।
सभा स्थल पर मंच को छोड़कर हर जगह भाजपा के बैनर- पोस्टर लगे होते हैं। यहां दिए जाने वाले भाषण भी राजनीतिक होते हैं। याचिका के साथ अब तक दंतेवाड़ा, कोंडागांव सहित कई जगहों पर हुए कार्यक्रम के फोटो, खबरों की कटिंग प्रस्तुत किए गए हैं। याचिका में मुख्य सचिव और डीजीपी को इस पर रोक लगाने के निर्देश देने, आईएएस और राज्य के कर्मचारियों के लिए निर्धारित सर्विस रुल्स का उल्लंघन करने वालों की जांच कर उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई, अब तक हुए खर्च को भाजपा से वसूल किए जाने की मांग की गई है। याचिका के साथ गर्मी के छुट्टी के दौरान ही सुनवाई करने का आग्रह करते हुए आवेदन भी प्रस्तुत किया गया है।