पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • शहर में आने जाने वाले 14 गुड्स ट्रक रोके माल खोलकर शुरू की ई वे बिल की जांच

शहर में आने-जाने वाले 14 गुड्स ट्रक रोके माल खोलकर शुरू की ई-वे बिल की जांच

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
प्रशासनिक रिपोर्टर | रायपुर

देशभर में अंतरराज्यीय कारोबार के लिए ई-वे बिल लागू होने के बाद राजधानी में इसकी जांच सख्ती से शुरू हो गई है। दूसरे राज्यों से माल भरकर आने वाली गाड़ियों को रोककर उसकी जांच की जा रही है। शहर में हर दिन दो दर्जन से ज्यादा गाड़ियों की जांच हो रही है।

सेल्स टैक्स अफसरों ने बुधवार को करीब 14 गाड़ियों को रोककर उसकी जांच की। गाड़ियों से माल खाली करवाने के लिए उन्हें राजभवन के पीछे और गॉस मेमोरियल ग्राउंड में खड़े किया गया। अफसरों ने गाड़ियां खाली करवाकर ई-वे बिल और सामान का मिलान किया। सरकारी एजेंसियों ने साफ कर दिया है कि अगर बिल और सामान में अंतर होने पर माल जब्त करने के साथ ही संबंधित व्यक्तियों पर जुर्माना भी लगाया जाएगा। हालांकि अफसरों की इस कार्रवाई का कारोबारियों ने विरोध भी शुरू कर दिया है। उनका कहना है कि सबकुछ होने के बावजूद अफसर बेवजह गाड़ियों को रोक रहे हैं। इससे माल जाम हो रहा है, कारोबार पर भी असर पड़ रहा है। हालांकि अफसरों का दावा है कि राजधानी में रोजाना डेढ़ सौ से ज्यादा ट्रकों में माल आ-जा रहा है। जांच सिर्फ दो दर्जन की हो रही है क्योंकि जिन गाड़ियों पर संदेह हो रहा है, वही रोकी जा रही हैं। इसलिए इन गाड़ियों को मैदान में रखकर सामान निकाला और बिल से मिलाया जा रहा है।

इंटरस्टेट जांच अगले माह से

राज्य के अंदर 50 हजार से ज्यादा माल का कारोबार करने या माल को एक जगह से दूसरी जगह भेजने के लिए 1 जून से ई-वे बिल अनिवार्य होगा। छत्तीसगढ़ चैंबर और कैट ने इस नई व्यवस्था का विरोध भी किया है। उनका कहना है कि पड़ोसी राज्य मध्यप्रदेश में केवल कुछ ही चीजों पर ई-वे बिल अनिवार्य किया गया है। इसलिए छत्तीसगढ़ में भी इसी तरह की व्यवस्था लागू होना चाहिए। इस मामले में जल्द ही व्यापारिक संगठन के पदाधिकारी मुख्यमंत्री से भी मुलाकात करेंगे। फिलहाल इस मामले में आखिरी फैसला राज्य सरकार ही लेगी।

खबरें और भी हैं...