पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • पहली बार फाइनल में लगे तीन शतक रायपुर दो साल बाद फिर बना चैंपियन

पहली बार फाइनल में लगे तीन शतक रायपुर दो साल बाद फिर बना चैंपियन

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
स्पोर्ट्स रिपोर्टर | रायपुर

छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ की ओर से आयोजित अंडर-19 इंटर डिस्ट्रिक्ट टूर्नामेंट का खिताब रायपुर ने जीत लिया है। टीम को फाइनल में दुर्ग के खिलाफ पहली पारी में बढ़त के आधार पर जीत मिली। फाइनल में पहली बार किसी टीम के तीन बल्लेबाजों ने शतक जड़े। दुर्ग ने पहली पारी में 270 जबकि रायपुर ने आठ विकेट पर 435 रन बनाए। इससे पहले मौजूदा सीजन में रायपुर की अंडर-14 टीम ने भी इंटर डिस्ट्रिक्ट टूर्नामेंट का खिताब जीता था।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए तीन दिवसीय मुकाबले के अंतिम दिन रविवार को रायपुर ने पहली पारी में पांच विकेट पर 235 रन से आगे खेलना शुरू किया। वेदव्यास ने 34 और प्रभाष ने 30 रन से अपनी पारी को आगे बढ़ाया। वेदव्यास ने 381 गेंदों में 15 चौके की मदद से 111 रन जबकि प्रभाष शुक्ला ने 257 गेंदों में 16 चौके की मदद से 102 रन बनाए। कप्तान उत्कर्ष तिवारी 39 रन बनाकर नाबाद रहे। इससे पहले किवनूर छाबड़ा ने भी 101 रन की पारी खेली थी। रायपुर ने पहली पारी 166 ओवर में आठ विकेट पर 435 रन बनाकर घोषित कर दी। दुर्ग की ओर से शिवम गिरि ने 128 रन देकर पांच विकेट झटके। इसके अलावा विजय यादव को भी दो विकेट मिले। रायपुर ने दो साल बाद अंडर-19 का खिताब जीता। इससे पहले टीम ने 2016 में भी खिताब जीता था।

Inter District Tournament

दुर्ग के खिलाफ बढ़त के आधार पर मिली जीत, किवनूर, वेद व्यास और प्रभाष का शतक

फाइनल मुकाबला जीतने के बाद रायपुर की टीम। टीम ने टूर्नामेंट के सभी पांच मुकाबले जीते।

कप्तान उत्कर्ष ने झटके सर्वाधिक 42 विकेट

रायपुर के कप्तान उत्कर्ष तिवारी ने फाइनल में ऑलराउंड खेल का प्रदर्शन किया। लेग स्पिनर ने पहले गेंदबाजी करते हुए 97 रन देकर सात विकेट झटके। इसके बाद बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 39 रन बनाए। इससे पहले सेमीफाइनल में भी कप्तान ने जीत में अहम भूमिका निभाई थी। उत्कर्ष ने उस मैच में 30 रन बनाए थे और आठ विकेट भी अपने नाम किए थे। टूर्नामेंट की बात की जाए तो उत्कर्ष ने सर्वाधिक 42 विकेट अपने नाम किए। पूरे टूर्नामेंट में टीम के स्पिनर गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। वहीं किवनूर टूर्नामेंट में दोहरा शतक जड़ने वाले इकलौते बल्लेबाज रहे।

विजेता को मिली तीन लाख की प्राइज मनी

खिताब जीतने पर रायपुर की टीम को 3 लाख रुपए की नगद राशि और ट्रॉफी दी गई। वहीं दुर्ग को डेढ़ लाख रुपए व रनरअप ट्रॉफी मिली। पुरस्कार की 70 फीसदी राशि खिलाड़ियों को मिलती है। पुरस्कार वितरण समारोह में विजय शाह, राजेश दवे, बिनय बजाज सहित अन्य उपस्थित थे। टूर्नामेंट के बाद जल्द संभावित टीम घोषित की जाएगी।

खबरें और भी हैं...