तेलीबांधा तालाब में वाटर स्पोर्ट्स, फूड जोन, जागिंग, मेडिटेशन, म्यूजिकल फाउंटेन तथा बच्चों के खेलकूद व मनोरंजन की सभी सुविधाएं यहां होंगी। मरीन ड्राइव में तिरंगे झंडे और उसके आसपास ये सुविधाएं विकसित की जाएंगी। रायपुर स्मार्ट सिटी इसकी तैयारी कर रहा है। प्रारंभिक तैयार होने के बाद कंपनियों से डिटेल प्रोजेक्ट प्लान मंगाया जाएगा। मरीन ड्राइव में एंटरटेनमेंट जोन का प्लान पीपीपी मोड पर तैयार किया जा रहा है।
तेलीबांधा तालाब का पानी बायो रीमीडिशन तकनीक से साफ करने काम शुरू कर दिया गया है। तालाब में माइक्रोब की मदद से पानी की गंदगी साफ की जाएगी। प्रदेश ही नहीं देश में तालाब के पानी को साफ करने का यह पहला प्रयोग है। अब तालाब के चारों ओर पाथवे, तिरंगे झंडे के आसपास खाली जगह को उपयोग करने तथा तालाब में वाटर स्पोर्ट्स की सुविधा विकसित करने से यह शहर के लोगों के लिए मनोरंजन का बड़ा स्पॉट बन जाएगा। तेलीबांधा तालाब में एंटरटेनमेंट और रिक्रिएशन पार्क की प्लानिंग नगर निगम पिछले तीन साल से कर रहा है। निगम के योजना विभाग ने इसके लिए कंपनियों से प्लानिंग भी मंगवाई थी। प्लानिंग के आधार पर पांच कंपनियों ने प्लान भी दिया और उसका प्रजेंटेशन भी हुआ।
रायपुर की दो और हैदराबाद, अहमदाबाद व मुंबई की एक-एक कंपनियों ने प्लान तथा अफसरों के सामने प्रजेंटेशन भी दिया है। मामला राजनीति में उलझ गया। प्रजेंटेशन देने वाली कंपनियों में रायपुर की दो कंपनियां थीं। इसमें से एक कंपनी एमआईसी सदस्य और पार्षद से जुड़े हुए लोगों की थी। ऊपर स्तर पर भी कुछ विवाद था। इसकी वजह से प्लान को लागू ही नहीं किया जा सका।
पार्क में ये सुविधाएं मिलेगी
प्लान के मुताबिक किड्स प्ले एरिया, डेशिंग कार, नेट क्रिकेट, बंगी जम्पिंग, शूटिंग समेत कई और गेम बनाने की योजना थी। तालाब के सामने वॉटर स्पोर्ट्स, मेडिटेशन सेंटर एंड इवेंट एरिया, जॉगिंग ट्रैक, किड्स प्ले फेसिलिटी एंड एंडवेंचर स्पोर्ट्स, पब्लिक यूटिलिटि व वॉश रूम्स और फ्लोटिंग रेस्टोरेंट व फूड जोन इत्यादि बनाने की योजना थी। पांचों कंपनियों ने तालाब लगे खाली क्षेत्र को अलग-अलग उपयोग के लिए जोन में बांटा है। मेन रोड पर भव्य प्रवेश द्वार का सुझाव है। पीछे खाली जगह पर एम्यूजमेंट पार्क व फूड जोन, जलविहार कॉलोनी तरफ वाले हिस्से में सामने की तरफ फूड कोर्ट और पीछे की तरफ एंटरटेनमेंट जोन बनाने का प्लान था। बीएसयूपी मकान की तरफ तालाब के किनारे पार्किंग और फिर वॉटर स्पोर्ट्स की व्यवस्था रहेगी। जॉगिंग और साइकिलिंग जोन भी बनाया जाएगा। एक कंपनी ने टॉय ट्रेन चलाने की सुझाव दिया है।