जवाहर बाजार के व्यापारियों को दुकानों के आबंटन से संबंधित कोई भी दस्तावेज अब तक नहीं मिला है। दुकानों के आबंटन की फाइल राज्य शासन के पास है। वहां से स्वीकृति नहीं मिलने के कारण भयभीत व्यापारी रविवार को कृषि मंत्री बृजमोहन अग्रवाल से मिले।
कृषि मंत्री ने नगरीय प्रशासन सचिव डा. रोहित यादव से बात कर व्यापारियों को दो दिन में आबंटन का आश्वासन दिया। जवाहर बाजार को तोड़कर नया बनाया जा रहा है। यहां 70 व्यापारियों को नए बाजार में दुकानें आबंटित की जानी है। नगर निगम ने आबंटन से संबंधित प्रस्ताव तैयार कर फाइल राज्य शासन को भेज दी है। पिछले दो माह से फाइल नगरीय प्रशासन विभाग में अटकी हुई है। जवाहर बाजार व्यापारी संघ के अध्यक्ष सुभाष बजाज के नेतृत्व में केट के प्रदेश अध्यक्ष अमर पारवानी और व्यापारियों के साथ कृषि मंत्री से मिले। उन्होंने कहा कि बाजार का निर्माण शुरू है और अब व्यापारियों को दुकानें भी छोड़नी पड़ रही है। आबंटन से संबंधित दस्तावेज नहीं मिलने से व्यापारी भयभीत हैं।
कृषि मंत्री ने तत्काल नगरीय प्रशासन सचिव रोहित यादव से फोन पर बात कर निर्देश दिया कि दो तीन दिन में जवाहर बाजार योजना की फाइल स्वीकृत कर आगे भेजें।
प्रतिनिधि मंडल में कैट के प्रदेश अध्यक्ष अमर पारवानी, जवाहर बाजार व्यापारी संघ के अध्यक्ष सुभाष बजाज, सचिव अविनाश मेठानी, राजेश विधानी, मोहनलाल, शंकर राव, लवी रहेजा आदि उपस्थित थे