स्पोर्ट्स रिपोर्टर | रायपुर
छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ की ओर से आयोजित अंडर-19 इंटर डिस्ट्रिक्ट टूर्नामेंट का फाइनल मैच शुक्रवार से राजधानी के अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में शुरू होगा। तीन दिवसीय मुकाबले में अब तक अपराजेय रायपुर की टीम दुर्ग के खिलाफ उतरेगी। दुर्ग ने सेमीफाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए पूर्व चैंपियन बिलासपुर को मात दी थी। ऐसे में खिताबी मुकाबला बेहद रोमांचक होने की संभावना है।
अब तक स्पिनरों ने दिलाई है जीत : टूर्नामेंट में पहली बार मुकाबले अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में कराए जा रहे हैं। यहां की पिच तेज गेंदबाजों के अनुकूल मानी जाती है। दूसरी ओर रायपुर की टीम ने अब तक तीन लीग और सेमीफाइनल में अपने स्पिन गेंदबाजों के दम पर जीत हासिल की है। अन्य टीमों की जीत में भी स्पिनरों ने अहम भूमिका निभाई है। अब फाइनल में दोनों ही टीमों को नई रणनीति के हिसाब से उतरना होगा। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम यहां पहले गेंदबाजी करना चाहेगी। पहले दिन का पहला सेशन तेज गेंदबाजों के लिए काफी फायदेमंद रहेगा।
दो तेज गेंदबाज के उतरेगी टीम: रायपुर के पास चार तेज गेंदबाज हैं। इसमें आयुष सिंह ठाकुर, मयंक शुक्ला, हेम साहू और अर्जुन सिंह शामिल हैं। इनमें से दो को ही मुकाबले में मौका मिलेगा। इसके अलावा कप्तान और लेग स्पिनर उत्कर्ष तिवारी ने अब तक शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन किया है।
Inter District Tournament
रायपुर की टीम
उत्कर्ष तिवारी (कप्तान), रिषि शर्मा, आयुष पांडे, अनिमेश, विक्की भगत, हर्ष, आलोक, अर्जुन सिंह, मयंक शुक्ला, शाश्वत, वेद प्रकाश, हेम साहू, अमितेष पांडे, पोरस यादव, किवनूर छाबड़ा और आयुष सिंह।