जनपद पंचायत कोरबा में पदस्थ सीईओ को बैंक में पहले से गिरवी रखी जमीन को बेचने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
राजेंद्र नगर थाने से मिली जानकारी के अनुसार कोरबा में पदस्थ सीईओ मोहित कैवर्त को न्यू राजेंद्र नगर वार्ड के महावीर नगर में रहने वाले यशदीप, गुरप्रीत और सीमा टुटेजा ने अभनपुर में स्थित 4160 वर्गफीट का आवासीय प्लॉट बेचा। इसके लिए किश्तों में 13 लाख 38 हजार रुपए भी ले लिए। तीनों ने सीईओ को बताया कि जमीन में कोई विवाद नहीं है और न ही किसी फायनेंस कंपनी में इसे गिरवी रखा गया है। सीईओ ने जमीन की रजिस्ट्री और फायनेंस कराने के लिए ओरिजनल दस्तावेज मांगे। तीनों बार-बार कई तरह के बहाने बनाकर दस्तावेज देने से इंकार करते रहे। बाद में तय समय में पूरी रकम नहीं देने का हवाला देकर एग्रीमेंट रद्द करने की भी बात करते रहे। इस दौरान रुपए भी वापस नहीं किए गए। पंचायत सीईओ ने इस मामले में जांच की तो पता चला कि उक्त जमीन के दस्तावेज पहले से ही तीनों ने समाधान प्राइवेट लिमिटेड में बंधक रखे हुए है। प्लाट की पूरी रकम नहीं देने की वजह से दस्तावेज बिल्डर के पास गिरवी रखे हुए थे।
सीईओ को धोखाधड़ी की पुख्ता जानकारी होने के बाद राजेंद्रनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
जांच में शिकायत सही मिलने के बाद तीनों के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर लिया गया है। इसमें आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया गया है।