मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की विकास यात्रा का दूसरा चरण शुक्रवार से शुरु हो रहा है। वे 18 से 20 मई तक पांच जिलों कोरबा, कोरिया, बलरामपुर-रामानुजगंज और सूरजपुर का दौरा करेंगे। मुख्यमंत्री इस दौरान सात आमसभाएं लेंगे। इन पांचों जिलों की जनता को एक हजार 466 करोड़ 98 लाख रुपए के एक हजार से ज्यादा निर्माण कार्यों का भूमिपूजन करेंगे। मुख्यमंत्री की तीन दिवसीय विकास यात्रा के कार्यक्रम इस प्रकार हैं - शुक्रवार को रायपुर से हेलीकॉप्टर से करतला (विधानसभा क्षेत्र रामपुर) पहुंचेंगे जहां आम सभा और लोकार्पण के बाद दोपहर खडग़वां पहुंचेंगे। वहां विकास रथ से जाएंगे। अखराडांड ,दुबछोला, चिरमिरी में रोज शो करेंगे। सीएम रात्रि विश्राम चिरमिरी में ही करेंगे। शनिवार चिरमिरी में प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद कांसाबेल पहुंचेंगे। इसके बाद दोपहर तीन बजे गणेश मोड़ से बलरामपुर पहुंचेंगे। ग्राम-पास्ता, राजपुर पहुंचेंगे।
21 मई को राजनाथ की सभा
केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह 21 मई को सवेरे 9.05 बजे सरगुजा जिले के ब्लाक लुंड्रा पहुंचेंगे। जहां वे केपी ग्राम में केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के ट्रेनिंग सेंटर में बस्तरिया बटालियन की पासिंग आउट परेड की सलामी लेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह भी उनके साथ रहेंगे। केन्द्रीय गृहमंत्री निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 20 मई को दोपहर दो बजे सतना से हेलीकॉप्टर द्वारा रवाना होकर अपरान्ह 3.35 बजे दरिमा अम्बिकापुर हवाई पट्टी पहुंचेंगे। सिंह शाम को सीआरपीएफ की 62वीं बटालियन के मुख्यालय परिसर पहुंचेंगे। वहां अधिकारियों और जवानों से मुलाकात करेंगे। सिंह रात्रि विश्राम अम्बिकापुर में करेंगे। 21 मई को बस्तरिया बटालियन की 62वीं आउट परेड के कार्यक्रम में शामिल होंगे।