रायपुर | भारतीय स्टेट बैंक की समस्त शाखाओं एवं अन्य राष्ट्रीयकृत बैंकों के अधिकारी और कर्मचारियों ने मोतीबाग स्थित पीएनबी शाखा में इकट्ठा होकर भारतीय बैंक संघ द्वारा प्रस्तावित 2 प्रतिशत वेतन वृद्धि का विरोध किया। इस दौरान जंगी प्रदर्शन किया गया। विरोध-प्रदर्शन यूनाइटेड फोरम आॅफ बैंक यूनियन के देशव्यापी आह्वान पर किया गया। इसमें महिलाएं भी बड़ी संख्या में शामिल हुईं। एसबीआई कर्मचारी संघ के उपमहासचिव शिवब्रत वर्धन ने बताया कि 24 मई को दोबारा देशव्यापी प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद 30 और 31 मई को राष्ट्र व्यापी हड़ताल की जाएगी। यूनाइटेड फोरम की मांग है कि 11वां वेतन समझौता सम्मानजनक वेतन वृद्धि के साथ संपन्न हो। विरोध प्रदर्शन में कामरेड सुशांत मुखर्जी, शरद राठौर, धर्मेंद्र अग्रवाल, पी गोपाल राव, एमएल सोनी, सुरेश बानी, विजय बक्षी, चितरंजन भगत, स्वाति टावरी, अंकिता गुप्ता, एसके रजा, शिव कुमार आदि मौजूद थे।