बीच सड़क पर सवारी बिठाने वाले ऑटो-रिक्शे जब्त होंगे
रायपुर | शहर की ट्रैफिक की बदइंतजामी को दूर करने के लिए एक बार फिर पुलिस अभियान शुरू करने वाली है। पहले चरण में पुलिस ने ऑटो को लिया है। उसे व्यवस्थित करने के लिए रविवार को ऑटो संघ की मीटिंग ली। उनसे ट्रैफिक को लेकर निर्देश दिए है। उनसे सुझाव भी सुने है। उन्हें व्यवस्था सुधारने के लिए दो दिनों का समय दिया गया है। उसके बाद पुलिस नियम का उल्लंघन करते पकड़े जाने पर ऑटो को जब्त कर लेगी। एएसपी ट्रैफिक बलराम हिरवानी ने बताया कि शहर में ऑटो के कारण कई सड़कों का ट्रैफिक बिगड़ गया है। लोगों की शिकायतें है कि ऑटो वाले कहीं भी गाड़ी रोककर सवारी बिठाते हैं। इसलिए ऑटो वालों से अपील की गई है कि कहीं भी ऑटो रोककर सवारी न बैठाए। ऑटो के पीछे और भीतर चालक का नाम और मोबाइल नंबर लिखा होना चाहिए। चालक वर्दी में होना चाहिए। उसकी ड्रेस में नेम प्लेट लगा होना चाहिए। ऑटो में गाड़ी के दस्तावेज लेकर चलने के निर्देश दिए गए है।
आॅटो संघ ने भी पुलिस से स्टॉपेज बनाने की मांग की है, ताकि स्टॉपेज से सवारी को बैठाया जा सके। ऑटो खड़े करने के लिए स्टैंड बनाने की मांग की है। पुलिस ने उनकी मांग को नगर निगम को भेजने का आश्वासन दिया है। देश में 23 अप्रैल से सड़क सुरक्षा सप्ताह का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए अभी से पुलिस ने तैयारी शुरू कर ली है। यातायात सप्ताह के पहले पुलिस ट्रैफिक सुधारने पर काम कर रही है, जो भी इनसे जुड़े हुए है। उनकी बैठक ली जा रही है। उनसे शहर का ट्रैफिक सुधारने में सहयोग की अपील की जा रही है।