निगम ने एक टैंकर पानी का रेट नहीं बढ़ाया, अब भी 3 सौ में
रायपुर| राजधानी के लोगों के लिए नगर निगम ने रसीद कटवाने पर इस साल भी पानी टैंकर 302 रुपए में उपलब्ध करवाने का फैसला किया है। पिछले साल भी यही रेट था। पानी की उपलब्धता को देखते हुए इस बार रेट नहीं बढ़ाया गया। यही नहीं, निगम ने बेटी की शादी और शोक कार्यक्रमों में एक टैंकर पानी मुफ्त देने की सुविधा जारी रखी है। करीब 15 लाख की आबादी वाले रायपुर शहर में मार्च-अप्रैल से शादी-ब्याह का सीजन शुरू हो जाता। यह समय भीषण गर्मी वाला है। पानी की किल्लत और कमी को देखते हुए निगम ने सभी टैंकर रीफिलिंग सेंटरों को निर्देश जारी किया है कि आम लोगों की डिमांड आने पर तत्काल टैंकर मुहैया कराया जाए। यहां महज 302 रुपए की रसीद पर कोई भी सामान्य व्यक्ति एक टैंकर (3500 लीटर) पानी ले सकता है।
राजेंद्र नगर पानी टंकी के इंचार्ज महेश यादव ने बताया कि शोक के कार्यक्रमों और बेटी की शादी में निगम की ओर से मुफ्त में पानी का टैंकर उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके लिए कोई भी व्यक्ति संबंधित जोन कार्यालय में आवेदन या पार्षद से कहकर टैंकर मंगवा सकता है।
374 रुपए के फेरे में निगम को मिला टैंकर
शुक्रवार को निगम में टैंकरों की सप्लाई के लिए बुलाया गया टेंडर खुला। इसमें 390 रुपए का रेट आया। इस दर पर निविदा समिति व टैंकर ठेकेदार के बीच आपसी सहमति के बाद 374 रुपए का रेट फाइनल किया गया। इस दर पर अगले डेढ़-दो महीने टैंकरों से पानी की सप्लाई होती है तो पिछले साल से लगभग 40 लाख रुपए कम भुगतान करना पड़ेगा। निगम इस बार करीब 30 टैंकर किराए पर लेगा। फिलहाल सिर्फ रेट का टेंडर खुला है। जरूरत के हिसाब से टैंकरों की संख्या तय की जाएगी।
राहत