सौ करोड़ ठगकर लोगों के पैसे से बनाया आलीशान रिसोर्ट
रायपुर| पांच साल में दोगुना पैसे देने का झांसा देकर ठगी करने वाले मिलियन माइल्स इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी के डायरेक्टर ललित झाम को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के जाल में फंसते ही उसे हार्ट अटैक आ गया। स्थिति बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया। एक दिन के इलाज के बाद पुलिस उसे रायपुर लेकर आई। आरोपी दो साल से फरार था। कंपनी लैंड डेवलप का काम करती थी। इसी के नाम पर आरोपी ने लोगों से निवेश करवाया। पांच साल में दोगुना पैसे देने का झांसा देकर उसने देश के 8 राज्यों में सौ करोड़ से ज्यादा की ठगी की। ठगी के पैसे से आरोपी ने हरियाणा में 6 आलीशान रिसोर्ट बनाए है। दिल्ली में भी आरोपी का मकान है। कंपनी के दो डायरेक्टर फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
एसएसपी अमरेश मिश्रा ने बताया कि हरियाणा अंबाला के ललित झाम (50) ने दो लोगों के साथ मिलकर 2013 में मिलियन माइल्स इंफ्रास्ट्रक्चर एंड डवलपर्स कंपनी शुरू की थी। कंपनी ने साल के अंत में रायपुर के टिकरापारा में अपनी शाखा खोली थी। जहां स्थानीय लोगों को नौकरी में रखा गया। कंपनी ने धमतरी के कोडेबोड में 32 एकड़ जमीन तीन करोड़ में खरीदी, जो अब करोड़ों की हो गई। उसे डेवलप करके बेचने का झांसा देकर ही लोगों से निवेश करवाया गया। उससे जो लाभ मिलता उसे निवेशकों को देने की बात कहीं थी। राजधानी और उसके आसपास के डेढ़ सौ से ज्यादा लोगों ने कंपनी में पैसे लगाए थे। छत्तीसगढ़ में एक हजार से ज्यादा लोगों ने 70 करोड़ निवेश किया। 2015 में आरोपी कंपनी दफ्तर में ताला बंद कर भाग निकले।
भेष बदलकर पुलिस ने बिछाया जाल, पांच दिनों तक बेची सब्जी
ललित को पकड़ने के लिए पुलिस 15 दिनों तक हरियाणा में घूमते रही। उसके रिसोर्ट के बाहर पांच दिनों तक भेष बदलकर खड़े रहे। वहां खड़े होकर सब्जी और फल बेचने का काम भी किया। वह जैसे ही घर से बाहर निकला, पुलिस ने पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार दूसरे राज्यों की पुलिस उसे तीन बार पकड़ चुकी है। तीनों बार अटैक हाेने पर अस्पताल में भर्ती कराया। इस आधार पर उसे जमानत भी मिल गई। कई राज्यों की पुलिस उसे खोज भी नहीं पाई। उसने अपना रिसोर्ट ऐसा बनाया है कि वह आसानी से भाग जाता है। रिसोर्ट से जाने से तीन रास्ते बनाए है। दो अंडर ग्राउंड है, जो जंगल में निकलते हैं। जब भी पुलिस छापा मारती थी, आरोपी जंगल में भाग जाता था।
32 एकड़ जमीन कुर्क, नीलाम करके देंगे पैसा
पुलिस ने कंपनी की 32 एकड़ जमीन कुर्क कर ली है। उसके दस्तावेज भी जब्त कर लिए है। उसे कोर्ट में जमा किया जाएगा। जमीन को नीलाम करके पीडितों को पैसा दिया जाएगा। पुलिस उसके मकान और रिसोर्ट के दस्तावेज खंगाल रही है। उसे भी अटैच किया जाएगा।
दोगुने पैसे का झांसा