सरकारी राशन दुकानों से नहीं उठ रहा नमक
रायपुर | कोर पीडीएस के तहत मुफ्त मिलने वाला 50 क्विंटल नमक सरकारी राशन दुकान के संचालक के घर से जब्त किया गया। अफसरों ने इस स्टॉक को सील कर दिया है। जिला प्रशासन के अफसरों ने जांच शुरू कर दी है कि आखिर सरकारी नमक को दुकान संचालक ने अपने घर पर क्यों रखा था। एसडीएम जोगेंद्र नायक का कहना है अफसरों से इस पर रिपोर्ट मांगी गई है।
राशन दुकानों में खासतौर पर शहर की दुकानों से नमक का वितरण एक तरह से बंद है। अधिकतर दुकानोें के बाहर पड़े-पड़े नमक के पैकेट ही खराब हो रहे हैं। पता चला है कि कई दुकानदार इन्हें नाले में फिंकवा देते हैं या फिर कहीं आउटर में। नमक की सप्लाई नहीं होने के बावजूद राशन कार्डों में हर महीने इसका उठाव दिखाया जा रहा है, इसलिए इस मामले में अभी तक नागरिक आपूर्ति निगम या खाद्य विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की है। नान के अनुसार हर महीने करीब एक करोड़ का नमक राशन दुकानों में पहुंचाया जाता है। ऐसे में यह नमक न लोगों के काम आ रहा है और न किसी और काम में। मुफ्त में मिलने की वजह से इसकी कालाबाजारी भी नहीं होती है। इस वजह से दुकानदार इसे नदी, नालों में फिंकवा देते हैं।