नेताम और अग्रवाल अजा वर्ग के साथ समरसता भोज में हुए शामिल
रायपुर | चुनावी साल में अजा-जजा वोट बैंक को साधने भाजपा के युवा संगठन ने एक नए अभियान की शुरुआत की। अगले एक सप्ताह के दौरान युवा मोर्चा इन वर्गों के साथ समरसता भोज करेगा। शुक्रवार को पहले दिन अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष राम विचार नेताम, कृषि मंत्री बृजमोहन अग्रवाल और आरडीए अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव ने दलित और आदिवासियों के साथ भोजन किया। केनाल रोड स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर भवन में इस भोज का आयोजन किया था। इस मौके पर नेताम ने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व के आदेश पर देश भर में इसका आयोजन किया जा रहा है। आज यहां सांसद, मंत्री से लेकर कार्यकर्ता तक सब साथ में बैठकर भोजन कर रहे हैं यही समरसता है। गौरतलब है कि इस साल छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, राजस्थान, कर्नाटक सहित कई राज्यों में विधानसभा चुनाव होना है।वहीं प्रदेश में 51 जगह इसका आयोजन किया गया।