बुआ के साथ खेत से लौट रही 12वीं की छात्रा की बिजली गिरने से हो गई मौत
बालोद | जिला मुख्यालय से 15 किलोमीटर दूर ग्राम बरही में शुक्रवार शाम 5 बजे बिजली गिरने से 17 वर्षीय छात्रा सुमन सिन्हा की मौत हो गई। वह अपनी 50 वर्षीय बुआ प्रमिला सिन्हा के साथ खेत गई हुई थी। वापसी के दौरान गाज गिरी और दोनों बेहोश होकर गिर पड़ी। 10-15 मिनट बाद उनकी बुआ प्रमिला को होश आया। इस दौरान सुमन बेहोश होकर गिरी पड़ी थी। बताया जाता है कि उठाने के बाद भी नहीं उठी, तब पास के कोकलेन वाले को बुलाया और टिप्पर में घर लाए। इसके बाद 108 संजीवनी वाहन से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां जांच के बाद डॉक्टर ने सुमन को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में भर्ती प्रमिला ने बताया कि पठार सुधार काम करने के लिए खेत गए हुए थे। बच्चीं बरही हाईस्कूल की छात्रा थी। जो हाल ही में 12वीं की परीक्षा दिलाई थी। मृतका के पिता हरदेव लाल सिन्हा पारिवारिक काम से रायपुर गए हुए हैं। जो शाम 7.45 बजे तक नहीं लौटे।