सिटी सेंटर मॉल में खुली शहर की पहली विदेशी शराब दुकान
रायपुर | छत्तीसगढ़ में पहली बार किसी शॉपिंग मॉल में विदेशी प्रीमियर शराब की दुकान खोली गई है। यहां सभी देशी-विदेशी ब्रांड की शराब मिलनी शुरू हो गई। लोग यहां सुबह 11 से रात 10 बजे तक शराब की खरीदी कर सकते हैं। इस विशेष दुकान में एक हजार से 25 हजार रुपए तक के रेंज की शराब उपलब्ध कराई गई है। इनमें कई विशेष ब्रांड भी शामिल हैं। इधर दूसरी ओर नया रायपुर और गोल बाजार में भी नई शराब दुकान की तलाश शुरू कर दी गई है। सड़क पर जाम लगने की वजह से राज टॉकीज के पास स्थित शराब दुकान को मल्टीलेवल पार्किंग के पीछे शिफ्ट कर दिया गया है। किराए को लेकर दुकान मालिक से सहमति नहीं होने की वजह से वहां दुकान हटाई गई है। शिफ्ट की गई दुकान में बिक्री कम होने की वजह से विभाग वाले जयस्तंभ से कोतवाली चौक तक नई दुकान की तलाश कर रहे हैं।
इसके अलावा नया रायपुर में भी अंग्रेजी शराब दुकान के लिए जगह की तलाश की जा रही है। जल्द ही दोनों जगहों पर नई शराब दुकान खोली जाएगी। डूंडा और माना की शराब दुकान का व्यापक विरोध होने के बाद अब इन दोनों शराब दुकानों की जगह बदली जाएगी। इसके लिए विभाग ने टेंडर मंगाए थे। इच्छुक लोगों ने अपनी दुकानों की जानकारी विभागों को दी है। आबकारी उपायुक्त पीएल साहू ने बताया कि 16 अप्रैल को यह टेंडर खोले जाएंगे। इसमें जिस दुकान का किराया सबसे कम और उचित होगा उसी दुकान मालिक के साथ एग्रीमेंट किया जाएगा। दोनों ही जगहों की शराब दुकान इस माह हर हाल में शिफ्ट कर दी जाएंगी। इसकी जानकारी वहां के लोगों को भी दे दी गई है। फिलहाल नई दुकान तय होने तक शराब की बिक्री वहीं से की जाएगी।