सदर में लूट, एक ही दिन आई नौकरानी हिरासत में, पर नहीं मिले चोरी गए जेवर
घने इलाके सदर बाजार में कारोबारी विपुल चतवानी के घर से हीरे की 8 लाख रुपए की अंगूठी, कुछ जेवर और कैश मिलाकर करीब 10 लाख की लूट के मामले में पुलिस ने 22 साल की नौकरानी को हिरासत में ले लिया है। वह उनके यहां एक ही दिन काम पर आई थी। आसपास के लोगों से पूछने के बाद कारोबारी ने उसे काम पर आने से मना कर दिया था। हालांकि देर रात तक पूछताछ में युवती से पुलिस को कुछ खास जानकारी नहीं मिली है। उसके घर की तलाशी में लूटे गए जेवर नहीं मिले, लेकिन पुलिस ने कॉल डीटेल निकलवा लिए हैं। सीसीटीवी फुटेज मिलने के बाद पुलिस ने दावा किया कि आने-जाने वालों ने ही लूट की साजिश रची है। इसमें भी दो लोगों पर पुलिस ने फोकस किया है।
शनिवार को सदरबाजार के जिस मकान में लूटपाट हुई, उसके ग्राउंड फ्लोर में ऑफिस है। पहली मंजिल में चतवानी के बुजुर्ग माता-पिता रहते हैं। उनका रास्ता भीतर से ही है। दूसरे मंजिल में कारोबारी अपने परिवार के साथ रहते हैं। पीछे का रास्ता हमेशा बंद रहता है। लुटेरों ने उसी रास्ते का उपयोग किया। कोतवाली पुलिस इस लूटपाट की जांच कर रही है। शक है कि इसमें तीन-चार लोगों का हाथ हो सकता है। लूट के शिकार कारोबारी के अनुसार लुटेरों के साथ एक महिला भी थी, जो झूले के पास चाकू लिए हुए खड़ी थी। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद अगर लुटेरे 5 या ज्यादा हुए तो डकैती का केस लगेगा।
पुलिस की अपील, नौकर की सूचना दें और आईडी मांगें
सदरबाजार की वारदात के बाद राजधानी पुलिस ने लोगों से अपील है कि उनके यहां काम करने वाले नौकरों और कर्मचारियों की थाने में सूचना हैं। एएसपी विजय अग्रवाल ने बताया कि बतौर सावधानी हर व्यक्ति को अपने यहां काम करनेवाली की तस्वीर, आईडी और एड्रेस प्रूफ लेना चाहिए। हालांकि रायपुर में यह चलन में नहीं है, लेकिन मोबाइल पर फोटो रखी जा सकती है। पुलिस ने कहा कि अगर संभव हो तो काम करनेवालों का घर भी पता होना चाहिए, ताकि जरूरत पड़ने पर उनके घरों तक आसानी से पहुंचा जा सके।
सामने गेट पर लगा है कैमरा
कारोबारी के मकान के नीचे सराफा दुकान है। जहां रात में सुरक्षा गार्ड रहता है। मकान के गेट के पास कैमरे भी लगे हैं। उसमें भी फुटेज नहीं आया। पुलिस के अनुसार लुटेरों ने आने और भागने के लिए पीछे के रास्ते का उपयोग किया है।
बस्ती के लड़कों पर शक
जिस युवती को पुलिस ने हिरासत में लिया है, वह नजदीक की ही बस्ती में रहती है। पुलिस को शक है कि उसने अपने बस्ती के लड़कियों के साथ मिलकर लूट की है। पुलिस मोहल्ले में रहने वाले लड़कों का पता कर रही है, जिनकी उससे बातचीत भी है। मोबाइल नंबर के आधार पर उनके डीटेल भी लिए जा रहे हैं।