न सरकार पर आक्रोश न सीएम से कोई असंतोष, विधायकों के खिलाफ नाराजगी
पार्टी के सुराज अभियान और सरकार की जनसंपर्क यात्राओं में न सरकार के खिलाफ नाराजगी दिखी न सीएम के से कोई असंतोष नजर आया। संगठन इस फीडबैक से प्रसन्न है। विधायकों से अलबत्ता लोग नाराज हैं। उन्हें जनता की नाराजगी दूर करने कहा गया है। मुख्यमंत्री रमन सिंह और राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री सौदान सिंह ने मिशन 65 प्लस का टारगेट हासिल करने रविवार को संगठन की एक बड़ी बैठक में अगले दो माह के लिए चुनावी कार्यक्रम तय किए। इसके तहत मुख्यमंत्री रमन सिंह ने 1 मई से पूरे प्रदेश की विकास यात्रा पर जाने का फैसला किया है।
पिछले दिनों चली सुराज और जनसंपर्क यात्राओ के आए फीडबैक के आधार पर प्रदेश अध्यक्ष धरमलाल कोशिक ने कहा कि प्रदेश में न सरकार के प्रति आक्रोश दिखा, न मुख्यमंत्री के खिलाफ कोई असंतोष। यात्रा में विधायकों के सेहत पूछने पर कौशिक ने कहा कि हम चाहते ही थे कि चुनाव से पहले लोगों का जो भी गुस्सा हो वो समय रहते निकल जाए। अभी विधायकों के पास 6 महीना है लिहाजा उनके पास भरपूर वक़्त है। लोगों के बीच पहुंचकर सरकार और संगठन स्तर पर लोगों की नाराजगी को दूर करने की कोशिश की गयी है। और इसके सुखद परिणाम मिले हैं।
प्रदेश कार्यालय में हुई बैठक में मंत्री, सासंद, विधायक को अलावे प्रदेश के सभी पदाधिकारी बुलाए गए थे। पांच घंटे से अधिक चली बैठक में सभी ने सुराज और जनसंपर्क यात्रा के अनुभव बताए। विधायकों ने अमित शाह के निर्देशानुसार गांवो में रात गुजारने और चौपाल लगाने के कार्यक्रम का फीडबैक दिया। बताया गया कि शिवरतन शर्मा ने 14 दिन, रूपकुमारी चौधरी ने 15, अवधेश चंदेल ने 17 और अजय चंद्राकर ने 21 रातें गुजारीं। ग्रामीणों के साथ भोजन किया, केंद्र और राज्य की योजनाओं के हितग्राहियों की जानकारी ली। लोगों ने इन योजनाओं की तारीफ भी की। यात्रा के अनुभव को देखते हुए तय किया गया कि विस के हरेक गांव को कवर करने तक यात्रा जारी रहेगी। कौशिक ने इसे किसी पार्टी के द्वारा अपनी ही सरकारों की योजनाओं का सबसे बड़ा सोशल आडिट बताते हुए कहा कि परिणाम अच्छे रहे।
20 से शुरू होंगे तीन सम्मेलन
मुख्यमंत्री ने बताया कि पार्टी इसी महीने दो बड़े सम्मेलन करेगी । 20 अप्रैल को उज्जवला सम्मेलन और 24 अप्रैल को पंचायती राज सम्मेलन का आयोजन किया जायेगा। इसमें प्रधानमंत्री के संबोधन का पूरे प्रदेश की पंचायतों में सीधा प्रसारण होगा। वहीं 28 अप्रैल को ग्राम शक्ति अभियान चलेगा, जबकि 30 अप्रैल को आयुष्मान भारत अभियान चलेगा। उसके बाद विकास यात्रा 1 मई से शुरू कर पूरे प्रदेश की यात्रा करेंगे। उन्होंने कहा कि 14 अप्रैल से शुरू हुआ ग्राम स्वराज अभियान 1 मई तक चलेगा। वहीं 18 अप्रैल को स्वच्छ भारत पर्व मनाया जायेगा।
राष्ट्रगान के सम्मान में खड़े मुख्यमंत्री रमन सिंह और अन्य नेता।
सबके अनुभव सुनकर लगता
है एंटी इंकम्बेंसी नहीं: सौदान
राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री सौदान सिंह ने कहा कि बैठक आप लोगों के अनुभव सुनने बुलाई गई और आप के उत्साह से स्पष्ट है कि अनुभव अच्छा है पदयात्रा में मेहनत करने के कारण हमारा विरोधी भी रुक कर सुनता है। सरकार और उसके मुखिया के प्रति कहीं कोई एंटी इंकम्बेंसी नहीं है, यह केवल विरोधियों का गलत प्रचार है यह यात्रा के अच्छे अनुभव से स्पष्ट हो गया है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की बदौलत 65 सीट आसानी से जीत सकते हैं।