शौचालय बनाने के बाद नहीं मिल रहा अनुदान: कांग्रेस
रायपुर|कांग्रेस ने केंद्र की स्वच्छ भारत योजना पर सवाल खड़ा किया है। संचार विभाग के अध्यक्ष शैलेष नितिन त्रिवेदी ने कहा कि मोदी सरकार की स्वच्छ भारत योजना छत्तीसगढ़ में विवादों और घोटालों से गिर चुकी है। गांव में पहले सबको शौचालय बनाने के आदेश दे दिए गए। जब शौचालय का निर्माण हो गया तो यह कहकर अनुदान राशि नहीं दी जा रही है कि 2010 के सर्वे सूची में जिनके नाम हैं, उनको ही राशि दी जायेगी। बाकी को यह राशि नहीं दी जा सकती। अगर ऐसी कोई शर्त थी तो शौचालय निर्माण के आदेश जारी करने के समय ही इसे स्पष्ट कर दिया जाना चाहिए था।
अब ग्रामीण शौचालय बनाकर अनुदान राशि के लिये दर-दर भटक रहे है। केंद्र सरकार और राज्य सरकार के स्तर पर स्वच्छता अभियान की अनुदान राशि में भारी गड़बड़ी हो रही है। हितग्राही परेशान हैं। बिल्डिंग मटेरियल सप्लायर हितग्राहियों का, हितग्राही सरपंच का और सरपंच ब्लॉक ऑफिस के चक्कर काट रहे हैं।