वनाधिकार पट्टे पर लोसपा आज करेगी प्रदर्शन
रायपुर| नगरी-सिहावा के 5 गांवों में आदिवासियों को वनाधिकार पट्टा देने की मांग को लेकर लोकतंत्र समाजवादी पार्टी सोमवार को बूढ़ापारा धरना स्थल में प्रदर्शन करेगी। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अशोक पंडा ने कहा कि उन 5 गांवों में आदिवासी सन् 1950 से खेती कर रहे थे। 1987 में अफसरों ने जबरिया उन्हें वहां से हटा दिया। लगातार आंदोलन हुए। इसके बाद भाजपा अध्यक्ष के तौर पर डॉ. रमन सिंह ने लिखित समझौता किया था कि वे आदिवासियों द्वारा पूर्व में कब्जा की गई जमीन पर उन्हें पट्टा दिलवाएंगे। जब पट्टा नहीं मिला तो प्रदर्शन किया गया। तब सरकार ने आश्वासन दिया था कि मांग पूरी होगी। अब तक इस संबंध में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इसी के विरोध में सोमवार को प्रदर्शन किया जाएगा।