दोपहर में धूप, शाम को सीबी क्लाउड जोरदार गरजे, तेज हवा के साथ बरसे
रविवार को दोपहर को राजधानी में मौसम साफ रहा लेकिन शाम को अचानक बादल घिर आए। तेज हवा चली, बादल गरजे और बिजली भी चमकी। काफी ऊंचाई पर रहनेवाले सीबी क्लाउड को इसकी वजह माना जा रहा है। इस वजह से देर रात तक हल्की बारिश होती रही।
राजधानी में रविवार को दोपहर में तापमान 37 डिग्री के करीब रहा। यह सामान्य से एक डिग्री कम है, लेकिन धूप थोड़ी तेज रही। इसका असर यह हुआ कि समुद्र की ओर से आने वाली नमी और दोपहर की गर्मी के कारण शाम को घने-काले बादल घिर आए। तेज हवा भी चली। इस दौरान बिजली भी चमकी। करीब पंद्रह मिनट तक हवा के साथ बिजली चमकती रही। इसके बाद बारिश शुरू हुई। इस दौरान करीब एक मिमी बारिश हुई और मौसम ठंडा हो गया।
आज शाम को भी संभावना : मौसम विज्ञानियों के अनुसार दक्षिणी मध्यप्रदेश और आसपास चक्रवात के कारण समुद्र से नमी आ रही है। इसी वजह से राजधानी में बदली-बारिश हो रही है। अगले 24 घंटे में उत्तरी और दक्षिणी छत्तीसगढ़ में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है।
रायपुर में मौसम शुष्क रहेगा। शाम को गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं।
कम दबाव से सीबी क्लाउड
वैज्ञानिकों के अनुसार राजधानी और आसपास दिन में गर्मी की वजह से स्थानीय स्तर पर कम दबाव का क्षेत्र बना। इस वजह से शाम को छोटे से हिस्से में बादल बहुत ऊंचाई पर (करीब 3 किमी ऊपर) घिरे। सीबी क्लाउड ज्यादातर आयनिक रहते हैं, इसलिए तेज कड़कते हैं। अंधड़ और बारिश इसीलिए हुई।
रविवार शाम 7 बजे अचानक बादल घिरे और अंधड़ के साथ पड़ी बौछारें।