दो स्पा सेंटरों में छापे, पूर्वोत्तर की 11 युवतियां मिलीं, लगाएंगे पीटा
शहर के दो स्पा सेंटर में रविवार रात 8:30 बजे पुलिस की दो टीमों ने शिकायतों पर छापा मारा और वहां से पूर्वोत्तर की 11 लड़कियों को हिरासत में ले लिया। दोनों स्पा सेंटरों के मैनेजर भी पकड़े गए। जिन शिकायतों पर छापेमारी हुई, उनके सबूत नहीं मिले हैं। हालांकि पुलिस ने इस मामले में देह व्यापार निवारण अधिनियम (पीटा एक्ट) की कार्रवाई की है।
सीएसपी कृष्णा पटेल ने बताया कि कलर्स मॉल में डियाज स्पा और पचपेड़ीनाका में फ्रेग्रेंस स्पा में लड़कों की भीड़ रहने की शिकायतें मिल रही थीं। डियाज में असम, सिक्किम और हिमाचल की 5 युवतियां मिलीं। उनके साथ मैनेजर लुकेश पटेल भी था। इस सेंटर में अलग-अलग चेंबर बने हुए हैं। ठीक इसी समय दूसरी पुलिस टीम ने फ्रेग्रेंस में छापा मारा तो वहां भी असम, मिजोरम और सिक्किम की 6 लड़कियां मिलीं। वहां के मैनेजर बनमाली सोनी को हिरासत में लिया है। अफसरों के मुताबिक छापे में दोनों सेंटरों से कोई संदिग्ध चीज नहीं मिली, लेकिन दोनों ही सेंटरों ने संबंधित थाने में इन युवतियों का सत्यापन नहीं करवाया था।
पुलिस ने सभी के परिजनों को कार्रवाई की सूचना दी है। स्पा सेंटरों के मालिकों को भी थाने बुलाया है, लेकिन अभी उनकी गिरफ्तारी नहीं की गई है।