ग्रेजुएशन में होमसाइंस, पीजी में राजनीति विज्ञान के नतीजे पहले
रविवि की वार्षिक परीक्षा के नतीजे मई के आखिरी हफ्ते से आने शुरू हो जाएंगे। ग्रेजुएशन की कक्षाओं में सबसे पहले होमसाइंस के नतीजे आएंगे। जबकि पीजी की कक्षाओं में प्राचीन भारतीय इतिहास, राजनीति विज्ञान, एमए इंग्लिश प्रीवियस के नतीजे आएंगे।
परीक्षा के साथ-साथ मूल्यांकन का काम भी चल रहा है। बड़ी परीक्षाएं जैसे बीए, बीकॉम व बीएससी के नतीजे जून के आखिरी सप्ताह में जारी होने की संभावना है।दो दिन अवकाश के बाद वार्षिक परीक्षा फिर से सोमवार से शुरू होने वाली है। बीएससी भाग-3 में केमिस्ट्री द्वितीय का पेपर होगा। बीकॉम भाग-2 में व्यवहारिक अर्थशास्त्र द्वितीय की परीक्षा होगी। बीए भाग-1 के तहत इकोनॉमिक्स का पर्चा होगा। इसके अलावा पीजी कक्षाओं में एमए,एमएससी गणित, भाषा विज्ञान का पेपर होगा। पीजी की यह परीक्षाएं भी खत्म हो जाएगी। इससे पहले पीजी कक्षाओं में प्राचीन भारतीय इतिहास, एमए इंग्लिश प्रीवियस, राजनीति विज्ञान समेत अन्य की परीक्षाएं खत्म हो गई हैं।
अफसरों का कहना है कि इस बार जुलाई तक सभी नतीजे जारी करने की तैयारी है। रविवि की वार्षिक परीक्षा में इस बार 1.38 लाख परीक्षार्थी हैं।
बीकॉम व बीसीए के नतीजे पहले :
बड़ी परीक्षाओं में बीकॉम अंतिम के नतीजे सबसे पहले आएंगे। इसके बाद बीए और फिर बीएससी के रिजल्ट जारी होंगे। बीकॉम व बीसीए की परीक्षा अब अंतिम दौर में है। 23 अप्रैल तक परीक्षा खत्म हो जाएगी। बीए की परीक्षा 14 मई तक होगी। बीएससी की परीक्षा सबसे आखिर में यानी 17 मई को खत्म होगी। पीजी की परीक्षा 28 अप्रैल तक होंगी।