अजीत जोगी की जिंदगी का एकमात्र लक्ष्य आम छत्तीसगढ़वासियों के हाथों में सत्ता की चाभी सौंपना है। वे चाहते हैं कि छत्तीसगढ़ के ढाई करोड़ लोग अपनी नियति और नीति स्वयं बनाएं। यह बात दिल्ली वालों को रास नहीं आ रही है। वे वहां बैठकर आज भी उत्तर प्रदेश और बिहार से आयातित प्रभारी बैठाकर हमारे ऊपर अपनी मर्जी थोपना चाहते हैं। ऐसा हम कभी नहीं होने देंगे। यह बात शनिवार को अमित जोगी ने कही। उन्होंने कहा कि पार्टी अध्यक्ष अजीत जोगी ने रात-दिन एक करके प्रदेश में एक सशक्त क्षेत्रीय दल का गठन इसीलिए किया है। उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को बिलासपुर में राहुल गांधी ने कहा था कि उन्हें मौकापरस्त नेता नहीं चाहिए। अमित ने कहा कि वे फसल का समर्थन मूल्य इतना कम तय करते हैं कि कर्ज में डूबे किसान भाई अपने परिवार तक को नहीं पाल पाते। वे उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और हरियाणा के किसानों का कर्जा तो माफ कर देते हैं, लेकिन छत्तीसगढ़ के किसानों की तरफ देखते तक नहीं।
वे चाहते हैं कि हमारे युवाओं के हिस्से के सारे रोजगार दूसरे प्रदेश के लोगों को मिल जाए और हम चुपचाप बैठे रहें। हम चुप नहीं बैठेंगे।