मेट्रो सिटीज की तर्ज पर अब शहर में भी फूड ट्रक नजर आ रहा है। शहर के शिव हरि दुबे और उनकी वाइफ रिधिमा ने इस नए कॉन्सेप्ट पर शहर के एक एरिया में चलता-फिरता रेस्त्रां शुरू किया है। अपने घूमने के शौक के चलते दोनों ने फूड ट्रक को ‘नोमैड’ यानी बंजारा नाम दिया है। शिव और रिधिमा ने बताया कि छह महीने पहले वो पेरिस टूर पर गए थे, जहां हमें फूड ट्रक कल्चर काफी पसंद आया, उससे प्रेरित होकर हमने इसे रायपुर में शुरू करने की प्लानिंग की। हमारे सामने फाइनेंशियल प्रॉब्लम थी, लिहाजा 25 लाख रुपए का लोन लेकर ये सपना पूरा किया। ट्रक के मॉडिफिकेशन का काम इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर चुके शिव ने खुद किया है। इसके मैनेजमेंट, डिजाइनिंग और कलरिंग पर एमबीए कर चुकीं रिधिमा ने मेहनत की है। ट्रक के अंदर किचन का पूरा सेटअप लगाया है। कम स्पेस के बावजूद खाने-पीने और छोटी-छोटी जरूरतों का अच्छा अरेंजमेंट है। पीने के पानी के लिए ट्रक के ऊपर 200 लीटर की टंकी लगाई गई है। वहीं, किचन में होने वाली हीट को कंट्रोल करने के लिए एग्जॉस्ट और फैन असेंबल किए गए हैं। फूड ट्रक से वे मैक्सिकन और सिंगापुरी वेज और नॉन वेज की 20 से ज्यादा वैरायटी सर्व करते हैं।
वेस्ट मैनेजमेंट और सेफ्टी का भी रखते हैं ख्याल
शिव ने बताया कि ट्रक में हमने सेफ्टी का पूरा ख्याल रखा है। जनरेटर और गैस सिलेंडर को ट्रक के बाहर रखा जाता है ताकि कोई अनहोनी होने पर तत्काल स्थिति को काबू कर सकें। किचन से निकलने वाले वेस्ट के लिए ट्रक के नीचे टैंक लगाया है, जिसके डेली सफाई होती है। शहर के फूडीज ये कॉन्सेप्ट पसंद कर रहे हैं।
फूड ट्रक के साथ शिव और रिधिमा।