रायपुर | राजधानी के सीनियर शतरंज खिलाड़ी पीएल शास्त्री ने स्टेट लेवल टूर्नामेंट में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए एकल बढ़त बना ली है। छत्तीसगढ़ चेस एसोसिएशन की ओर से अंबिकापुर में आयोजित ओपन टूर्नामेंट में रायपुर सहित दुर्ग, महासमुंद, बिलासपुर, कोरबा रायगढ़, सरगुजा, और राजनांदगांव के खिलाड़ियों के बीच सात राउंड में मुकाबले खेले जा रहे है। शनिवार खेले गए चौथे राउंड के मुकाबले में रायपुर के पीएल शास्त्री ने सफेद मोहरों से करते हुए बिलासपुर के उत्तम मिश्रा को शिकस्त देकर चार पॉइंट हासिल किए और टूर्नामेंट में अब तक बिना कोई मुकाबला गवाएं टॉप पर काबिज है। इसके पहले खेले गए मुकाबले में शास्त्री ने कोरबा के अनूप को हराकर चौथे राउंड में जगह बनाई थी। इसके अलावा रायपुर की ओर से खेल रहे सुशांत झा तीन पॉइंट और किशोर अग्रवाल दो पॉइंट के साथ पीछे चल रहे है।
अंशुल और गौतम 3.5 पॉइंट के साथ टॉप-3 में
दुर्ग के अंशुल उप्पल और गौतम केशरी 3.5 पॉइंट के साथ टॉप-3 में चल रहे है। शनिवार को अंशुल और रजनीकांत के बीच खेला गया चौथा राउंड का मुकाबला ड्रॉ रहा और दोनों को 3.5 पॉइंट से संतोष करना पड़ा। वहीं गौतम और एस धनंजय के बीच मुकाबला भी ड्रॉ रहा। पॉइंट टेबल में पीएल शास्त्री पहले, अंशुल दूसरे, गौतम तीसरे नंबर पर काबिज हैं।