रायपुर | दो दिन बाद राजधानी में शनिवार को तेज गर्मी रही। दिन का तापमान 43 डिग्री के करीब पहुंच गया। पारा सामान्य से एक डिग्री अधिक है। रायपुर प्रदेश में सबसे गर्म रहा। मौसम विज्ञानियों के अनुसार रविवार को राजधानी सहित प्रदेश के कुछ हिस्सों में शाम-रात को हल्के बादल रहेंगे। उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में पश्चिम से आ रही गर्म हवा से तापमान बढ़ने लगा है। रायपुर में पारा 42.8 डिग्री रिकार्ड किया गया। रात में भी तापमान बढ़ने से गर्मी महसूस हुई। न्यूनतम तापमान 29.6 डिग्री रहा। यह सामान्य से दो डिग्री अधिक था। इधर, प्रदेश के बाकी शहरों में भी गर्मी बढ़ी लेकिन तापमान रायपुर से कम रहा। बिलासपुर दूसरा सबसे ज्यादा गर्म शहर रहा। यहां तापमान 42.5 डिग्री तक पहुंचा। पेंड्रारोड, अंबिकापुर, दुर्ग और राजनांदगांव में पारा 40 डिग्री के आसपास रहा। मौसम विज्ञानियों के अनुसार दक्षिण उत्तरप्रदेश और आसपास ऊपरी हवा में चक्रवात बना हुआ है।
दक्षिणी बिहार व उत्तर पश्चिम बंगाल होते हुए एक द्रोणिका भी बनी हुई है। इसके प्रभाव से नमी आने के कारण अगले 24 घंटे के दौरान बस्तर में कहीं-कहीं पर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। रायपुर में आसमान साफ रहेगा। शाम-रात को हल्के बादल रहेंगे। दिन का तापमान 43 डिग्री के आसपास रहेगा।