रायपुर | आधी रात को राहगीरों रोककर लूटपाट करने वाले हाईप्रोफाइल घर के चार युवकों को गिरफ्तार किया गया है। इसमें एक रेलवे कर्मी भी है। आरोपी रात में महंगी बाइक में घूमने निकलते थे। राहगीरों को रोककर परेशान करते थे। उनके साथ कभी मारपीट तो कभी उनके पैसे और मोबाइल छिन लेते थे। चौक में लगे कैमरे के आधार पर आरोपियों को पकड़ लिया गया। खमतराई पुलिस के मुताबिक शिवानंद नगर का अनिल नाग, प्रफुल्ल कसार उर्फ गोलू , भनपुरी का हर्ष वर्धन नायडू और कौशल चंद्राकर ने धरसींवा के एक युवक से लूटपाट की थी।
आरोपी रात में हाईस्पीड बाइक में निकलते थे और इलाके में घूमते रहते थे। पैदल यात्रियों को रोककर परेशान करते थे। राहगीरों से गाली गलौज कर भागे जाते थे। आरोपी किसी के भी जेब से पैसे निकाल लेते थे। ज्यादातर लोगों ने मौखिक शिकायतें की थीं। गुरुवार को लिखित शिकायत के बाद पुलिस ने जांच की। आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी प्रफुल्ल कसार रेलवे में कर्मचारी है। बाकी युवक भी संपन्न घरों से है। आरोपी से दो एवेंजर बाइक जब्त की गई है। लूट का मोबाइल और पैसे बरामद किए हैं।
लूट के पैसे से भरवाते थे पेट्रोल
आरोपी मजदूरों और रिक्शा वालों से भी लूटपाट की है। उनकी जेब से सौ-दो सौ रुपए निकाल लेते थे। उसी से बाइक में पेट्रोल भरवाते थे। पेट्रोल पंप वालों ने भी इसकी पुष्टि की है। पुलिस ने आरोपियों का आधा दर्जन जगह से कैमरे का फुटेज भी निकाल लिया है।