- Hindi News
- National
- बिगड़ते हालात सुधारने संगठन एकमत, सबकी अपील हम एक हैं, जाति और समाज में न बंटें
बिगड़ते हालात सुधारने संगठन एकमत, सबकी अपील- हम एक हैं, जाति और समाज में न बंटें
कम्युनिटी रिपोर्टर | रायपुर
राजधानी में डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती शनिवार को सामाजिक समरसता के साथ मनाई गई। देश में पिछले दिनों हुई मूर्ति तोड़ने की घटनाओं के बाद इस बार ज्यादातर संगठन लोगों से यह अपील करते नजर आए कि वे जाति और समाज के नाम पर न बंटे। बाबा साहेब के शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो... के नारे से सीख लेकर खुद का विकास करें। देश का विकास करें।
गुरु घासीदास साहित्य एवं संस्कृति अकादमी की ओर से न्यू राजेंद्र नगर में आयोजित कार्यक्रम में अध्यक्ष डॉ. केपी खंडे ने कहा कि आज देश में जाति और समाज के नाम पर लोग बंट रहे हैं। उन्हें याद रखना चाहिए कि विभिन्न धर्मों, समुदायों, जातियों और राज्यों को एकजुट कर 1947 में भारत का गठन किया गया। हम सबसे पहले भारतीय हैं। डॉ. अंबेडकर ने शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो का नारा किसी एक समाज के लिए नहीं दिया था, बल्कि यह संदेश संपूर्ण मानव जाति के लिए था। जो व्यक्ति या समूह इस बात पर अमल करेगा, उसकी तरक्की निश्चित है। हमें बाबा साहेब के बताए रास्ते पर चलना है और संगठित रहना है। संयुक्त मोर्चा के अध्यक्ष रामकृष्ण जांगड़े ने कहा कि संविधान की शिक्षा हर नागरिक के लिए जरूरी है। इसकी जानकारी न हो तो हमें अपने अधिकारों से वंचित रहना पड़ सकता है। बाबा साहेब भी हमेशा ज्ञान प्राप्ति पर जोर देते थे। प्रवक्ता चेतन चंदेल ने बताया कि इस मौके पर समाजहित में काम करने वाले दर्जनों लोगों का सम्मान भी किया गया।
प्रतिमा पर माल्यार्पण कर लगाए नारे
कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग ने अंबेडकर चौक स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। जिलाध्यक्ष मनोज बंजारे ने बताया कि विभाग ने 127वीं जयंती बड़े धूमधाम से मनाई। इस मौके पर जय भीम के नारे भी लगाए गए। कार्यक्रम में प्रदेश सचिव अश्वनी बबलू त्रिवेंद्र, भूपेंद्र डहरिया, जितेंद्र आजाद, प्रेम बंजारे, अविनाश खुंटे, सुरेंद्र राय आदि उपस्थित थे।
शहर में हुए कई सांस्कृतिक कार्यक्रम
सतनामी समाज ने शनिवार को समाज के प्रतिभावान लोगों का सम्मान किया।
प्रगतिशील सतनामी समाज ने बांटीं खुशियां
प्रगतिशील सतनामी समाज ने इस मौके पर एक-दूसरे को गले मिलकर बधाई दी। युवा प्रकोष्ठ उपाध्यक्ष दीपक मिरी ने बताया कि सबसे पहले समाज के लोग न्यू राजेंद्र नगर स्थित सामाजिक कार्यालय में इकट्ठे हुए। यहां से कलेक्टोरेट चौक तक रैली निकाली गई। यहां स्थित डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। कार्यक्रम में कमल कुर्रे, विकास वंदे आदि उपस्थित थे।
लोगों से जागरूक होने की अपील
भाजपा झुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ ने भी याद किया
भाजपा झुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ ने भी इस मौके पर डॉ. भीमराव अंबेडकर अस्पताल स्थित डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जय भीम और बाबा साहेब अमर रहें के नारे भी लगाए। कार्यक्रम में प्रदेश संयोजक शिव जलम दुबे, प्रभारी अनिता महानंद, बसंत बाघ, सूरज यादव, मदन साहू, बंटी नटराजन आदि उपस्थित थे।
धोबी समाज ने कलेक्टोरेट चौक स्थित डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर जयंती का जश्न मनाया। यहां समाज के प्रदेश अध्यक्ष सूरज निर्मलकर ने कहा कि बाबा साहेब ने संविधान लिखकर देश में समानता लाई पर अब लोग जाति और समाज के नाम पर बंटने लगे हैं। हमें जागरूक होना पड़ेगा। सब एक हैं। राजनीतिक पार्टियां निजी फायदे के लिए लोगों को बांटती हैं। हमें इसे समझकर संगठित होने की जरूरत है। इस दौरान चंद्रप्रकाश यादव, राजकुमार सारथी, मुन्ना साहू, महेश साहू, तुकाराम यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष बोधी राम निर्मलकर, सत्येंद्र साहू, कुमारी रेशमी पाल आदि उपस्थित थे।
रैली निकाली और लोगों को दी धम्म दीक्षा
बौद्ध महासभा और सार्वजनिक जयंती समारोह ने इस मौके पर शहर के कई वार्डों से रैली निकाली। मीडिया प्रभारी रवि दांगड़े ने बताया कि धम्म शिविर का आयोजन भी किया गया था। यहां धम्मचारी नागर| ने लोगों को धम्म दीक्षा दी। साथ ही कालीबाड़ी स्थित रवींद्र मंच में महात्मा ज्योति राव फूले जयंती के मौके पर सरकारी अफसर-कर्मियों के लिए विचार संगोष्ठी का आयोजन भी किया गया। इसमें बेमेतरा कलेक्टर एमडी कावरे, अपर आयुक्त वाणिज्य कर केआर झारिया, इंजी. आरएल ध्रुव, इंजी. खोबागड़े आदि ने अपने विचार रखे। बौद्ध महिला सम्मेलन में महिलाओं ने बाबा साहेब पर अपने विचार रखे। इस कार्यक्रम में नलिनी बौद्ध, रुपलता कानेकर, माया पाटिल, उषा उइके, संघमित्रा गौरखेड़े आदि उपस्थित थीं।
जय बूढ़ी मां गाड़ा महासभा ने बांटे फल
जय बूढ़ी मां गाड़ा महासभा ने अंबेडकर अस्पताल जाकर मरीजों में फल बांटे। साथ ही यहां स्थित डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया। इस दौरान महासभा के लोगों ने हमेशा साथ मिलकर चलने का संकल्प भी लिया। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष अभिमन्यु नायक, श्रीनाथ जगत, किशोर महानंद, वैष्णव, माधव छुरा, अंकुर नायक आदि उपस्थित थे।